चोरी के इरादे से दो साथियों के साथ एक घर में घुसे शाहजहांपुर के हिस्ट्रीशीटर की गांव के लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। गांव वालों से घिरता देख उसके दोनों साथी भाग निकले। पुलिस ने आरोपी का शव कब्जे में लेकर अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
पचदेवरा (हरदोई) के गांव कंथरी में रहने वाले खेतई ने सोमवार रात करीब दो बजे घर में कुछ लोगों की आहट सुनकर शोर मचाया तो परिवार के लोगों के साथ मोहल्ले के लोग भी इकट्ठा हो गए। खेतई ने उठकर देखा तो आंगन में कुछ लोग सोलर लाइट खोलने की कोशिश कर रहे थे। परिवार वालों ने घर में घुसे लोगों को ललकारा तो उन्होंने चाकू निकाल लिया। इस बीच शोर-शराबा सुनकर गांव के अन्य लोग भी आ गए। घर में चोर घुसे होने की बात फैली तो लोगों ने घर को घेर लिया। ग्रामीणों से घिरा देखकर चोरों ने भागने की कोशिश की लेकिन उनमें से एक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया जबकि दो लोग भागने में सफल रहे। पकड़े गए बदमाश की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई की। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी शिनाख्त कराई तो वह पड़ोसी गांव सिखराना का राजपाल उर्फ रजुआ निकला जो कांट (शाहजहांपुर) में आता है। पुलिस ने मौके से चाकू और पेचकश बरामद कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष पचदेवरा सियाराम सरोज ने बताया कि मारा गया युवक हिस्ट्रीशीटर था। कांट थाने में उसके खिलाफ चोरी, लूट, हत्या आदि के डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा पचदेवरा में भी तीन मुकदमे दर्ज हैं।
अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
शाहजहांपुर/ हरदोई। शाहजहांपुर के हिस्ट्रीशीटर की हत्या के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। थानाध्यक्ष पचदेवरा सियाराम सरोज ने बताया कि भीड़ में फंस जाने से उसकी पिटाई हो गई जिससे मौत हुई है। मृतक के खिलाफ भी चोरी रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
इधर, मृतक के भाई बृजपाल ने बताया कि राजपाल सुबह शौच को निकाला था। पड़ोसी गांव में वह अपने चाचा रामसरन के यहां मिलने गया था। वहां पर उन लोगों ने उसे घेरकर उसकी हत्या कर दी। खेतई से एक साल पहले शराब पीने को लेकर विवाद हो गया था। इसी रंजिश में उन लोगों ने उसकी हत्या कर दी। उसके पांच पुत्र और एक पुत्री हैं।