शहर कोतवाली क्षेत्र मोहल्ला बंगश में मकान पर कब्जे को लेकर चले आ रहे विवाद में लोकदल जिलाध्यक्ष सहित सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मोहल्ला बंगश निवासी सत्तार खां पुत्र अशफाक खां ने सीओ सिटी के आदेश पर दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि उसका मोहल्ले में मकान नंबर 184, 141 उसका पुश्तैनी मकान है। दो माह पहले मोहल्ले के ही जहांगीर पुत्र मुर्शरफ अली मकान पर कब्जा करने आ गए और कहा कि उन्होंने यह बैनामा एक अगस्त 2016 को अहमद अली व मुईन से करा लिया। पीड़िता ने बताया कि उसने मकान पर कब्जा करने का विरोध किया तो उसने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने सीओ सिटी को बताया कि उसके मकान के फर्जी तरीके से कागज तैयार करके धोखाधड़ी कर बैनामा कर दिया गया। धोखाधड़ी के इस षड़यंत्र में नाजिर व तसब्बर अली भी शामिल हैं। जबकि फर्जी बैनामा में गवाही के तौर पर बंगश के ही राशिद पुत्र वारिस, लोदीपुर निवासी सत्यपाल मिश्रा पुत्र बाबूराम के नाम भी लिखे हैं। पीड़ित सत्तार खां के प्रार्थना पत्र पर सीओ सिटी ने कोतवाली पुलिस को मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच करने के आदेश दिए। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं लोकदल जिलाध्यक्ष सत्यपाल मिश्रा ने बताया कि अभी उन्हे इस मामले में कोई जानकारी नहीं है।