बुधवार रात बहादुरगंज इलाके में एक युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें दो लोगों को नामजद किया गया है, जबकि एक अज्ञात है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला ताजूखेल निवासी रामानंद सक्सेना ने बताया कि उनका 25 वर्षीय बेटा अंकित सक्सेना बुधवार रात दावत खाकर लौट रहा था। रात लगभग साढ़े दस बेटा बहादुरगंज में मशीनरी मार्केट के पास पहुंचा, तभी बाइक पर सवार इंदिरानगर निवासी उत्तम और अश्ववनी एक अन्य युवक के साथ आए। इन लोगों ने अंकित पर फायर कर दिया। गोली लगने से वह घायल हो गया। रामानंद ने पुलिस को बताया कि उत्तम से अंकित का डेढ़ साल पहले झगड़ा हो गया था। इस मामले उत्तम के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। तब से वह रंजिश मानता है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चला।