खुटार पुवायां मार्ग पर भैंसी नदी के किनारे प्रतिबंधित पशु को काटा
मौके से तराजू, सींग, ओटा, खाल बरामद
सरकार के तमाम दिशा-निर्देशों और पुलिस, प्रशासन की सख्ती के बाद भी गोहत्या रुकने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार सुबह पुवायां में एक गाय को काट डाला गया। पुलिस ने गांव करनापुर के पूर्व प्रधान हाकिम अली सहित 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मांस का परीक्षण कराया गया है।
खुटार पुवायां मार्ग पर भैंसी नदी के पास कुछ लोगों ने एक गाय की हत्या कर दी। इस दौरान गांव गंगसरा के विहिप कार्यकर्ता मेवाराम, प्रियांशु, अनिल आदि निकले तो पूरा मामला देख शोर मचा दिया। शोर सुनकर प्रतिबंधित पशु की हत्या करने वाले मांस आदि उठाकर मौके से भाग निकले। कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर बजरंग दल, विहिप, भाजपा आदि के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे औैर मामले की जानकारी पुलिस को दी। प्रतिबंधित पशु की हत्या की जानकारी मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। कोतवाली प्रभारी अशोक पाल सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मौके से तराजू, बांट, लकड़ी का ओटा, पल्ली, सींग, खाल आदि को कब्जे में ले लिया। पशु अस्पताल के डॉक्टर के जांच कराए जाने पर बरामद खाल आदि गाय की होने की पुष्टि हो गई। पुलिस ने मेवाराम की ओर से गांव करनापुर के गुड्डू खां, बबलू खां, उसमान, गफ्फार, कासिम, दीन मोहम्मद, आलेनबी, सकील, गांव सकरापुर के महरोज, यावर को गोवध में नामजद कराया है। गांव करनापुर के पूर्व प्रधान हाकिम अली को गोहत्या में नामजद कराया गया है।