अवैध ढंग से कच्ची शराब बनाकर बड़े परिमाण में शहर और आसपास में खपाए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने रविवार तीसरे पहर व्यापक छापामारी अभियान चलाया। करीब तीन घंटे चले अभियान में दो अलग-अलग टीमों ने एक साथ विभिन्न ठिकानों पर छापा मारकर कच्ची शराब बनाते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया। साथ ही कुल करीब 1200 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त की गई और कच्ची शराब बनाने के लिए रखे गए कुल करीब साढ़े 15 हजार लीटर लहन को नष्ट कर दिया गया।
एसपी सिटी राजेश कुमार की अगुवाई में यह औचक अभियान अपराह्न तीन बजे से सायं छह बजे तक चला। इसमें आबकारी टीम और एक प्लाटून पीएसी के साथ ही चार थानों की पुलिस टीम साथ उतारी गई थी। थाना सदर बाजार क्षेत्र के गांव मऊ वासक में खन्नौत नदी किनारे छापामार अभियान में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसने पास से करीब 700 लीटर कच्ची शराब बरामद हुुई। इस दौरान आठ कुंटल लहन नष्ट किया गया। वहीं कोतवाली क्षेत्र के गांव मौजमपुर, अब्दुल्लागंज और अजीजगंज मेें हुई छापामार कार्रवाई में तीन लोगों को 210 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। यहां तीन कुंटल लहन नष्ट किया गया। उधर, थाना आरसी मिशन क्षेत्र के गांव चक परमाली, ग्वारी और मोहल्ला सरायकाइंया में 300 लीटर शराब के साथ एक गिरफ्तार किया। यहां साढ़े चार कुंतल लहन नष्ट किया गया और दो भट्ठियां नष्ट की गईं। छापामारी अभियान में आबकारी निरीक्षक संजय कुमार टीम में साथ मौजूद रहे।