रेलवे की जद में हो रही अपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने और रेलवे अपराध के लिए बदनाम इलाकों (ब्लैक स्पॉट) पर अब कड़ी नजर रखी जाएगी। मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त (सीनियर डीएससी) ने सोमवार को इन इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने शहर के रेलवे स्टेशन, रोजा, पीआरपीएम और बंथरा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए।
सोमवार को सीनियर डीएससी एके बरनवाल गुवाहटी एक्सप्रेस से करीब ढाई बजे स्टेशन पर पहुंचे। उन्होंने पहले तो रेलवे स्टेश्न का निरीक्षण किया। इसके बाद कार से रोजा क्षेत्र में गए, जहां उन्होंने चावल चोरी वाले स्थान का निरीक्षण किया। इसके बाद पीआरपीएम स्टेशन के क्षेत्र में कोयला चोरी के लिए बदनाम स्थानों को भी देखा। इसके बाद बरनवाल ने बंथरा क्षेत्र के तेल चोरी के स्थानों का भी निरीक्षण किया। इसके बाद रात करीब नौ बजे वापस गए।
बरनवाल ने कहा कि रेलवे एरिया में अपराधों को रोकने के लिए प्रयास किया जा रहा है। इसमें तेजी लाने के लिए आरपीएफ को अपराध रोकने के लिए तेजी से काम करना होगा। कहा कि बंथरा, रोजा और पीआरपीएम क्षेत्र में काफी सक्रियता से काम करना होगा। खास तौर पर तार चोरी के मामलों में सक्रियता से काम करना होगा।
आरपीएफ स्टॉफ को किया बूस्ट-अप
सीनियर डीएससी ने निरीक्षण करने के साथ आरपीएफ जवानों को बूस्ट-अप भी किया। उन्होंने पहले तो हाल-चाल भी लिए। कहा कि स्टॉफ की कमी के चलते जवान 12 घंटे ड्यूटी कर रहे हैं। बावजूद इसके वे पूरी लगन के साथ काम कर रहे हैं। इसी वजह से क्राइम कंट्रोल हो रहा है। निरीक्षण के दौरान आरपीएफ इंस्पेक्टर एसपी सिंह उनके साथ रहे।