शुक्रवार रात गांव सुनारा बुजुर्ग के प्रधान 35 वर्षीय नीरज पांडे की पुवायां स्थित आवास पर पड़ोसी रामकृष्ण ने अपने साथी कल्लू के साथ मिलकर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने नामजदों सहित आठ लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद तनाव को देखते हुए सर्किल के सभी थानों की पुलिस को घटना स्थल पर बुला लिया गया। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव परिवार वालों को सौंप दिया गया है। अंतिम संस्कार रविवार को होगा।
गांव जठियापुर निवासी रामकृष्ण कुछ समय से नगर में निगोही मार्ग पर रहता था। उसके पास एक मैजिक है, जिसे चलाकर वह परिवार की गुजर बसर करता है। उसने अपनी पुत्री नेहा की शादी हरदोई के थाना बेहटा गोकुल के गांव हैदरपुर निवासी खुशीराम के पुत्र अवनीश के साथ तय की थी। शनिवार को बारात आनी थी। रामकृष्ण के घर के पास रोड के दूसरी ओर प्रधान नीरज पांडे का घर है। बारात के लिए मिष्ठान, खाना आदि प्रधान के घर ही बन रहा था। बारात भी उनकी ही दुकानों में रूकने की व्यवस्था की गई थी। रामकृष्ण की ससुराल तिलहर में हैं। तिलहर से मिठाई, भोजन आदि बनाने वाले कारीगर प्रधान के यहां काम कर रहे थे। रात लगभग 11 बजे किसी बात को लेकर रामकृष्ण पड़ोस में रहने वाले अपने साथ सब्जी विक्रेता कल्लू के साथ प्रधान के मूक बधिर नौकर पौआ को पीटने लगे। शोर सुनकर प्रधान, उनके पिता रामनाथ, पत्नी मंजू, पुत्री रानी बाहर आए। प्रधान के विरोध करने पर आरोपी उनसे भी गाली गलौज और धक्का मुक्की करने लगे। श्री पांडे घर के अंदर बढ़े तो आरोपियों ने तमंचे से उन्हें गोली मार दी। गर्दन के पास गोली लगते ही श्री पांडे मौके पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।