डीजल पंप के डिस्पोजल यूनिट को कराया सील
- तिलहर के एसडीएम के नेतृत्व में अफसरोें की टीम ने दो पंपों में मारे छापे
जिला मुख्यालय के पेट्रोल पंपों पर घटतौली और तेल के स्टॉक में हेराफेरी की जांच करने के बाद जिला स्तरीय अधिकारियों की टीम ने बृहस्पतिवार को एसडीएम एसपी सिंह के नेतृत्व में तहसील क्षेत्र के दो पेट्रोल पंपों पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान कटरा के पीतांबरा फिलिंग स्टेशन की डीजल मशीन खोलने पर पल्सर के साथ चिप बरामद हुई। जिस पर अफसरों ने वहां की डिस्पोजल मशीन आगे की जांच पूरी होने तक के लिए सील कर दी।
नेशनल हाईवे के किनारे स्थित जय पीतांबरा फिलिंग स्टेशन पर बृहस्पतिवार को दोपहर एसडीएम के नेतृत्व में सीओ मनोज कुुमार, जिला विधिक माप विज्ञान अधिकारी विजय कुमार मिश्रा, डीएसओ विजय प्रभा आदि अधिकारी एक साथ पहुंचे। इस दौरान पूर्ति निरीक्षक रामेश्वर दयाल व वीरपाल समेत हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन के अधिकारी भी उनके साथ रहे।
अफसरोें की टीम जिस वक्त पेट्रोल पंप पर पहुुंचे, उस वक्त कई ग्राहक वाहनों में डीजल-पेट्रोल भरा रहे थे। माप विज्ञान अधिकारी ने एसडीएम के सामने डीजल मशीन की डिस्पोजल यूनिट खुलवाकर पल्सर चेक किया तो उसमें आउट फिटिंग के तौर पर चिप लगी देख सारे अफसर दंग रह गए क्योंकि इससे पहले हुई पेट्रोल पंपों की जांच में कही भी चिप लगी नहीं पाई गई थी। अफसरों ने इसे प्रथम दृष्टया घटतौली का मामला मानते हुए डीजल मशीन की डिस्पोजल यूनिट सील करा दी।
इस बीच, पेट्रोल मशीन की जांच में चिप नहीं पाई गई। डीएसओ के नेतृत्व में पूर्ति निरीक्षकों ने वहां स्टॉक चेक किया, लेकिन उसमें कोई गड़बड़ी नहीं मिली। इससे पूर्व, अधिकारियों ने तिलहर बाईपास के नजदीक स्थित भाजपा नेता सुशील बाबू गुप्ता के राधा फिलिंग स्टेशन पर छापा मारा, लेकिन वहां सब कुछ ठीक-ठाक पाया गया। चिप बरामद होेने के मामले में अभी कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। एसडीएम ने बताया कि इस मामले में डीएम के माध्यम से शासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है।