पुलिस ने ढाबों पर खड़े होने वाले वाहनों से डीजल चुराने वाले गिरोह के दो सदस्यों को कार समेत पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। उनके पास से एक तमंचा और तेल चोरी करने का सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार की रात सूचना मिली कि रोडवेज बस अड्डा पर वाहनों से तेल चोरी करने वाला गिरोह घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने उनकी तलाश में जुट गई। टीम रात करीब तीन बजे चोरों को तलाश करते हुए जलालाबाद रोड पर गांव छिकड़ापुर के निकट पहुंची, तभी सिंह ढाबा के पास एक क्वालिस गाड़ी में दो लोग बैठे नजर आए। जैसे ही पुलिस टीम उनके पास पहुंची उन्होंने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने दोनों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास एक तमंचा और एक चाकू बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह बताया कि वह लोग रोड किनारे खोले गए ढाबों पर खड़े होने वाले वाहनों से डीजल चोरी करते हैं। वह ढाबों के पास जाकर उस वाहन के चालक के सोने का इंतजार करते हैं। जब टारगेट किए गए वाहन का चालक सो जाता है। तब वह अपना वाहन उसके पास खड़ा कर देते हैं। फिर उसकी डीजल टंकी को तोड़कर उसमें पाइप डाल कर उसका सारा डीजल चोरी कर लेते हैं। यदि इस बीच कोई वाहन चालक जागकर आ भी जाता है तो उसे असलहों का भय दिखाकर खामोश रहने पर मजबूर कर देते हैं। पकड़ा गया निजाकत थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला गदियाना में रहता है, जबकि नूर मोहम्मद मोहल्ला शांतिपुरम कॉलोनी का है।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए लोगों ने हरदोई, मोहम्मदी, बरेली मोड़ पर पूर्व में की घटनाओं को कुबूल किया है। एक पाइप और दो कैन बरामद की गई है। बृहस्पतिवार को दोनों को जेल भेज दिया गया है। एसओ नरेंद्र यादव ने बताया कि इस गिरोह का सरगना थाना सदर बाजार के मोहल्ला काजीपुरा का फारुख है। वह इन लोगों से 30 रुपये लीटर डीजल खरीदता है। उसकी तलाश की जा रही है।