गांव बिलहरा में बिना अनुमति धर्मस्थल का निर्माण कराने की शिकायत पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया। पुलिस ने काम करा रहे लोगों को प्रशासन की अनुमति के बाद ही निर्माण कराने की चेतावनी दी। गांव बिलहरा में कुछ दिन से एक धर्मस्थल का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण करा रहे लोगों ने एक खड़ंजे को उखाड़कर दूसरी ओर बिछा दिया और बिजली के पोल को भी तोड़ दिया। कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन कोई तबज्जो नहीं दी गई और धर्मस्थल का निर्माण जारी रखा। इसके बाद मामले की शिकायत अधिकारियों से की गई। शुक्रवार को पुलिस ने गांव पहुंचकर धर्मस्थल का निर्माण करा रहे लोगों से अनुमति दिखाने को कहा। अनुमति नहीं होने की बात कहने पर पुलिस ने काम रुकवा दिया। निर्माण करा रहे लोगों को चेतावनी दी गई कि अब एक भी ईंट लगी तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि धर्मस्थल का निर्माण बिना अनुमति नहीं कराया जा सकता है। काम रुकवा दिया गया है।