क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग लड़की की अश्लील क्लिपिंग बनाकर दो वर्ष तक दुराचार करने के मामले में भी पुलिस ने आरोपी से मिलकर साठगांठ कर रिपोर्ट दर्ज होने की झूठी सूचना दे दी। अब मामले में गर्दन फंसती देख मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज की गई है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने शुक्रवार को पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव के ही एक शादीशुदा युवक ने उसकी नाबालिग पुत्री को दो वर्ष पूर्व प्रेमजाल में फंसा लिया और उसकी अश्लील क्लिपिंग, फोटो आदि बना लिए। इसके बाद आरोपी रिकार्डिंग आदि सार्वजनिक करने की धमकी देकर लड़की का दो वर्ष तक यौन शोषण करता रहा। इस दौरान लड़की की शादी तय की गई तो आरोपी ने वहां भी दुष्प्रचार कर शादी को तुड़वा दिया।
शनिवार को सीओ बीडी कठेरिया और कोतवाली प्रभारी यतेंद्र बाबू भारद्वाज ने मीडिया को बताया कि दुराचार की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि वास्तविकता में रिपोर्ट दर्ज ही नहीं की गई थी।
लड़की के पिता को पुलिस पर शक हुआ तो उसने रिपोर्ट की नकल मांगी। नकल नहीं मिलने पर एसपी से शिकायत की चेतावनी पर पुलिस ने मंगलवार को रेप की रिपोर्ट दर्ज की है।
चार दिन से आरोपी की
सेवा में जुटी है पुलिस
पुवायां। क्लिपिंग बनाकर रेप के आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार रात ही गिरफ्तार कर लिया था। मीडिया को भी गिरफ्तारी की जानकारी दी गई थी। नियम है कि गिरफ्तारी के बाद 24 घंटे के अंदर आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाना चाहिए, लेकिन आरोपी मंगलवार को भी हवालात में रहा। दरअसल पुलिस ने आरोपी से साठगांठ कर मामले की रिपोर्ट ही दर्ज नहीं की थी और न ही गिरफ्तारी को कागजातों में दिखाया था। आरोपी की हवालात में ही सेवा की जाती रही। उलटे पुलिस पीड़ित पक्ष पर दबाव बनाकर मामले को निपटाने में जुटी रही। पीड़िता के पिता के इंकार करने पर लड़की का मेडिकल कराने के नाम पर चार दिन से जिला मुख्यालय के चक्कर लगवाकर तोड़ने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर मंगलवार को कार्रवाई करनी पड़ी।
बुधवार को आरोपी को जेल भेज दिया जाएगा। आरोपी की मदद का आरोप निराधार है। पीड़िता की पूरी मदद की जाएगी।
- यतेंद्र बाबू भारद्वाज, कोतवाली प्रभारी पुवायां