थाना निगोही पुलिस ने शुक्रवार की तड़के क्षेत्र के कैमुआ पुल से तीन ट्रक भरे 148 प्रतिबंधित पशु बरामद किए। पुलिस ने दो पशु तस्करों को भी गिरफ्तार किया। पशु इटावा से तस्करी करके रामपुर ले जाए जा रहे थे। पशु तस्करों ने पुलिस टीम पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास भी किया।
पुलिस लाइंस सभागार में हुई पत्रकार वार्ता में एसपी बबलू कुमार ने बताया कि निगोही पुलिस को मुखबिर सूचना मिली कि शाहजहांपुर से बरेली जाने वाले रास्ते पर प्रतिबंधित पशुओं से भरे ट्रकों का जखीरा गुजरने वाला है। इस पर निगोही एसओ रजी अहमद ने तीन टीमें गठित करके एक टीम का नेतृत्व खुद किया। दूसरी टीम का नेतृत्व एसआई सुनील त्रिपाठी और तीसरी टीम की कमान जीत सिंह पुंडीर ने संभाली। दो टीमें कैमुआ नाले के पुल पर लग गई। एक टीम तस्करों के आने वाले रास्ते में लग गई। पशुओं से भरे तीन ट्रक पुलिस को दिखाई दिए तो पुलिस ने कैमुआ नाले के दूसरी तरफ सड़क पर एक ट्रक लगाकर रास्ता बंद कर दिया। आगे चल रहे तस्करों के ट्रक ने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। अंधेरे का फायदा उठाकर एक ट्रक चालक और हेल्पर भाग गया। पुलिस ने बाकी दोनों ट्रकों से दो चालकों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों ट्रकों में 148 प्रतिबंधित पशु मिले, जिसमें से 21 की मौत हो गई थी। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम फईम और वाहिद निवासी गांव नौगवां, थाना शहजादनगर, रामपुर बताया। दोनों ने बताया कि वह प्रतिबंधित पशुओं को इटावा से रामपुर की मांस फैक्ट्री लेकर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि वह यह काम काफी समय से करते आ रहे हैं, हरदोई, बहराइच, इटावा आदि से रामपुर, मुरादाबाद और संभल की मांस फैक्ट्रियों में सप्लाई करते हैं।