कीटनाशकों की कालाबाजारी रोकने के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को जिले की सभी तहसीलों में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान 35 दुकानों पर छापे मारकर वहां से विभिन्न कीटनाशकों के 42 नमूने सील किए गए। खुटार में दुकानें बंद करके भागे दस विक्रेताओं के बिक्री लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।
छापेमारी के उप निदेशक (कृषि प्रसार) डॉ. राधाकृष्ण यादव ने तहसीलवार चार टीमें गठित कीं। शहर की दुकानें चेक करने के बाद डीडीआर यादव ने अधीनस्थों के साथ पुवायां, बंडा और खुटार में दुकानें चेक की। जिला कृषि अधिकारी अखिलानंद पांडेय ने जलालाबाद तहसील क्षेत्र में छापे मारे, जबकि भूमि संरक्षण अधिकारी बाबूराम यादव ने तिलहर तहसील क्षेत्र और आसपास के कसबों की दुकानों को निशाने पर लिया।
डीडीआर यादव के अनुसार खुटार पहुंचने पर कई दुकानदार शटर गिराकर भाग गए। ऐसी दस दुकानें दिन में खोले जाने के बाद बंद कर दिए जाने पर इसे सरकारी कार्यवाही में बाधा डालने का प्रयास मानते हुए बिक्री लाइसेंस निलंबित किए गए। अन्य दुकानों पर कीटनाशकों के नमूने लेने के साथ उनके स्टॉक का वेरीफिकेशन भी किया गया।
पुवायां। उप कृषि निदेशक ने बताया कि रामपुर कलां की सिंह पेस्टीसाइड्स, फिरदौसी पेस्टीसाइड्स, खुटार के बाला जी खाद भंडार मेंहदीपुर वाले, धर्मवीर खाद भंडार, खालसा पेस्टीसाइड्स, चंदी पेस्टीसाइड्स, श्याम सीड्स एंड पेस्टीसाइड्स, सिंह सीड एंड पेस्टीसाइड्स आदि दुकानें बंद मिलने पर इनके लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। उन्होंने कहा कि जो भी दुकानदार चेकिंग में सहयोग नहीं करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।