अफसरों ने दबंगों के कब्जे से खाली कराया कुष्ठ आश्रम
शाहजहांपुर/निगोही। शहर में निगोही रोड स्थित कुष्ठ आश्रम से दबंगों के अपराधिक गतिविधियों का संचालन की शिकायत पर बृहस्पतिवार को एसडीएम सदर रामजी मिश्रा और सीओ सदर अरुण चंद्र के नेतृत्व में यहां छापामारी कर कमरे खाली करा लिए गए। इस दौरान आश्रम में अनाधिकृत रूप से रह रही एक महिला के कब्जे से 315 का तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। इस महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
निगोही रोड स्थित आदर्श गांधी कुष्ठ उद्योग आश्रम में लंबे समय से कोई कुष्ठ रोगी नहीं रह रहे। पूरे आश्रम पर दबंगों ने कब्जा कर आपराधिक गतिविधियों का संचालन शुरू कर दिया था। इस बारे में कुछ दिन पहले ही लोगों ने डीएम से शिकायत कर कार्यवाही की मांग की थी। डीएम नरेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर बृहस्पतिवार को एसडीएम सदर रामजी मिश्रा, सीओ सदर अरुण चंद्र ने फोर्स के साथ यहां छापामारी की। छापामारी के दौरान पता लगा कि यहां बने कमरों में 40-45 लोग अनाधिकृत रूप से रह रहे हैं। अफसरों ने फोर्स लगाकर सारे कमरे खाली करा लिए। इस दौरान कमरों की तलाशी भी ली गई। यहां महक नाम की एक महिला के कमरे से 315 बोर का तमंचा और तीन कारतूस बरामद हुए। महिला को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। इस दौरान आस-पास के लोगों ने अधिकारियों को यह भी बताया कि आश्रम में अनाधिकृत रूप से रह रहे लोग अपराधिक गतिविधियों के साथ देह व्यापार का धंधा भी करते थे।