पुवायां की स्टेट बैंक के अंदर किसान का थैला काटकर 73 हजार छह सौ रुपये की रकम निकालने वाले दो जेबकतरे पुलिस की पकड़ से अभी तक बाहर हैं, यह हालत तब है जब पुलिस के पास दोनों के फोटो तक मौजूद हैं।
गौरतलब है कि गांव मदारपुर बैवहा निवासी सुरेश सिंह 24 मई को पुवायां की स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में अपने खाते में रुपये जमा करने गए थे। इस दौरान दो जेबकतरों ने उनके पास थैले को काटकर 73 हजार छह सौ रुपये की रकम गायब कर दी और भाग निकले। रकम गायब देख सुरेश ने शोर मचाया, लेकिन तब तक जेबकतरे लोगों की पकड़ से दूर जा चुके थे। एएसपी की फटकार के बाद इस घटना की रिपोर्ट दर्ज हो सकी थी।
बैंक की सीसीटीवी फुटेज में रुपये जमा करने के लिए लाइन में खड़े सुरेश सिंह के पास दोनों जेबकतरों के पहुंचने और थैला काटकर बैंक से भागने की पूरी रिकार्डिंग हो गई थी, जिसे पुलिस को मुहैया करा दिया गया था। इसके बाद भी अभी तक पुलिस एक भी जेबकतरे का पता नहीं लगा सकी है। पुलिस ने अनुसार मामले की जांच अभी चल रही है। जेबकतरों के बारे में जानकारी जुटाकर उन्हें जेल भेजा जाएगा।
पीड़ितों से मिले कई नेता, दी सांत्वना
खुटार। गांव महेशापुर के राजू वर्मा, गांव अठकोना के सपा ब्लाक अध्यक्ष मनोज वर्मा और गांव रूजहा कलां निवासी ज्ञानसिंह के घर से चार लाख की नगदी सहित 24 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हो गई थी।
शनिवार को एमएलसी संजय मिश्रा के प्रतिनिधि सुधीर त्रिवेदी, पूर्व ब्लाक प्रमुख मनोज त्रिवेदी, श्रीकांत मिश्रा, धीरेंद्र मिश्रा सहित तमाम लोग चोरी की घटना की शिकार हुए लोगों से मिले और भारी नुकसान हो जाने पर दुख जताते हुए सांत्वना दी। नेताओं ने पुलिस से चोरियों के जल्द खुलासे और माल बरामदगी की मांग की है।