कस्बे में शनिवार को मकान के बंटवारे का विवाद बड़े बवाल की वजह बन गया। पुलिस द्वारा एक युवक की पिटाई से गुस्साए लोगों ने थाने के सामने जाम लगा दिया। इससे पहले कुछ लोगों ने दूसरे पक्ष की एक महिला को मिट्टी का तेल डालकर जलाने की कोशिश की। सीओ के पिटाई करने वाले सिपाही के विरुद्ध कार्रवाई करने का आश्वासन देने पर जाम खुला। देर रात इस सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया।
निगोही कस्बा निवासी सलीम की नेत्रहीन पत्नी रानी और उसके जेठ अब्दुल सबूर, सद्दीक आदि के बीच मकान के के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। सबूर का कहना है कि जमीन उनके नाम है। रानी गलत तरीके से उस पर मकान बनवा रही है। इधर, रानी जमीन को अपनी मिल्कियत बताती हैं। रानी ने इस जमीन पर दीवारें उठवा ली हैं। शनिवार को नसीम के पुत्र जीशान, अब्दुल सबूर आदि ने ये दीवारें ढहा दीं। रानी ने विरोध किया तो इन लोगों ने उसके ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क जिंदा जलाने की कोशिश की। इसी बीच खबर मिलने पर सिपाही अंकुर सहित पुलिस बल नसीम के घर जा धमका और नसीम के पुत्र जीशान को पकड़कर थाने ले आया।
बताते हैं कि थाने में जीशान की जमकर पिटाई की गई। इससे नाराज अब्दुल सबूर, ताहिर, नसीम, फारूख ने गांव के तमाम लोगों के साथ थाने के सामने शाहजहांपुर-पीलीभीत रोड पर जाम लगा दिया। बवाल की खबर मिलने पर सीओ सदर विजय शंकर मिश्र थाने पहुंच गए। उन्होंने दोनों पक्षों से बात की। देर रात सीओ की रिपोर्ट पर एसपी ने सिपाही अंकुर को लाइन हाजिर कर दिया। सीओ ने विवादित जमीन पर निर्माम रुकवा दिया है।