मारपीट के एक मामले में गांव गंधरपुर निवासी गेंदन लाल शर्मा के विकलांग बेटे मुनेंद्र को सिंधौली पुलिस घर से पकड़ ले गई। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं है। घरवालों का आरोप है कि पुलिस ने ही मुनेंद्र को गायब कर दिया है। लगातार कई दिन तलाशने के बाद भी उसका कई सुराग न लगने पर मुनेंद्र की मां राममूर्ति देवी ने बुधवार से कलक्ट्रेट में बेमियादी धरना शुरू कर दिया है। बेटे की हत्या का संदेह व्यक्त करते हुए राममूर्ति देवी ने एडीएम को दिए ज्ञापन में कहा है कि उनका बेटा बरामद नहीं किया गया तो वह आत्महत्या कर लेंगी।
अपने बड़े बेटे के साथ कलक्ट्रेट के धरना स्थल पर आईं बुजुर्ग राममूर्ति देवी ने बताया कि कुछ दिन पहले मुनेंद्र ने शराब पीकर गालियां बक रहे धोबी बिरादरी के एक युवक को पीट दिया था। सिंधौली पुलिस इस मामले में रिपोर्ट दर्ज होने का हवाला देकर 21 जून, 2015 की रात मुनेंद्र को घर से उठा ले गईं। सुबह थाने जाकर मालूमात की तो मुनेंद्र नहीं मिला। पुलिस वालों से पूछने पर उन्होंने यह कहकर टरका दिया कि वह कहीं भाग गया है।
वृद्धा राममूर्ति के अनुसार तब से मुनेंद्र न तो गांव पहुंचा और न ही किसी रिश्तेदारी में मिल रहा है। एडीएम (वित्त एवं राजस्व) पीके श्रीवास्तव को दिए ज्ञापन में उन्होंने आशंका जताई है कि विपक्षियों ने पुलिस से मिलकर उनके बेटे को गायब कर दिया या फिर उसकी हत्या कर दी है। ज्ञापन में कहा गया है कि बेटे को जल्द बरामद करके उसे गायब करने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्महत्या कर लेंगी। एडीएम ने आश्वस्त किया कि क्षेत्र के सीओ और एसओ से बात करके मुनेंद्र को तलाश कराया जाएगा।