शहर के मोहल्ला तारीन टिकली की रहने वाली खदीजा बेगम और उनके पति जाहिद अली खां ने अपनी एक हजार वर्गगज बेशकीमती जमीन का फर्जी और निरस्त मुख्त्यार नामा के जरिए एक भू माफिया द्वारा बैनामा कर दिए जाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर बुधवार से कलक्ट्रेट पर बेमियादी धरना शुरू कर दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में भू माफिया का नाम पता देते हुए कहा है कि इस प्रकरण में परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो प्रशासन जिम्मेदार होगा।
खदीजा बेगम को तारीन टिकली में एक हजार वर्ग गज रिहाइशी जमीन अपने पिता स्व. अब्दुल रहीम खां से विरासत में मिली थी। जमीन की देखभाल के लिए एक विश्वस्त व्यक्ति को मुख्त्यार आम बनाया, लेकिन बाद में उसकी नीयत में खोंट देख मुख्त्यार नामा निरस्त करा दिया। इसी मुख्त्यार नामा के आधार पर भू माफिया ने अपने एक साथी के नाम बैनामा कर दिया। भू माफिया के खिलाफ गत 23 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए एसपी को तहरीर भी दी गई।
बावजूद इसके हुआ कुछ नहीं। थाना सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर भू माफिया के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उसने भू स्वामिनी पर अपने साथी के पक्ष में जमीन का 40 लाख रुपये में सौदा करर्ने और ऐसा नहीं करने पर 15 लाख रुपये रंगदारी चुकाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। खदीजा बेगम ने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में उपरोक्त तथ्यों का हवाला देते हुए कहा है कि यदि भू माफिया ने उनकी जमीन का बैनामा किसी अन्य व्यक्ति के पक्ष में कराकर माली नुकसान पहुंचाया तो प्रशासन जवाबदेह होगा।