डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा कर रहे एक युवक ने रोजा में चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश की। इससे वह ट्रेन के नीचे आ गया और उसकी कटकर मौत हो गई। मृतक सदर बाजार क्षेत्र के पैना गांव का रहने वाला श्यामकुमार था। वह बिजली विभाग में ठेकेदार के अधीन काम करता था।
बृहस्पतिवार की सुबह करीब नौ बजे नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ जा रही नान स्टॉप एक्सपेस ट्रेन से रोजा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म दो पर एक युवक ने उतरने का प्रयास किया। चलती गाड़ी से उतरते समय युवक अपना संतुलन नहीं बना सका और पैर फिसलने से ट्रेन के नीचे आ गया। इससे उसका सिर धड़ से अलग हो गया। जीआरपी को तलाशी के दौरान उसकी जेब से मोबाइल, बरेली से शाहजहांपुर तक का टिकट और बिजली विभाग का जेबा गांव में बलवीर सिंह के मकान तक लाइन खींचने का अधिकार पत्र मिला।
जीआरपी ने जब उसके मोबाइल में मिले नंबरों पर संपर्क किया तो पता लगा कि मृतक का नाम श्याम कुमार पुत्र भगवानदीन निवासी पैना थाना सदर बाजार था। उसके भाई अरुण ने मृतक की पहचान की है। जीआरपी के मुताबिक, श्याम डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस से बरेली से शाहजहांपुर आ रहा था। नान स्टॉप होने के कारण ट्रेन शाहजहांपुर नहीं रुकी थी। रोजा स्टेशन पर ट्रेन धीमी हुई तो उसने उतरने का प्रयास किया और हादसे का शिकार हो गया। जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।