स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के गार्ड केबिन में घुसकर सोमवार रात करीब ढाई बजे कुछ लोगों ने गार्ड अजीत गुप्ता उर्फ जीतू को गोली मार दी। पैर में गोली लगने से घायल गार्ड को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से स्टेशन पर खलबल मच गई। गार्ड ने खरीदे गए एक फ्लैट की रकम को लेकर चल रहे विवाद को घटना की वजह बताते हुए चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है।
रेलवे कॉलोनी के रहने वाले गार्ड अजीत गुप्ता को सोमवार की रात करीब दो बजे खाली मालगाड़ी लेकर लोको पायलट के साथ रोजा से मुरादाबाद जाना था। वह साइडिंग में एक नंबर लाइन पर खड़ी मालगाड़ी पर पहुंचकर अपने गार्ड वाले केबिन में चले गए और ग्रीन सिग्नल मिलने का इंतजार करने लगे। इसी बीच कस्बे का ही एक व्यक्ति अपने तीन अन्य साथियों के साथ केबिन में घुस आया और गाली-गलौज करते हुए हमलावर हो गया। उन्होंने अपने बचाव की कोशिश की तो एक हमलावर ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनके दाहिने पैर में घुटने के नीचे पीछे की ओर लगी। इसके बाद हमलावर भाग गए।
घटना के बाद आरपीएफ और जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे और घायल गार्ड को रेलवे अस्पताल ले गए। प्राथमिक इलाज के बाद वहां से मंगलवार सुबह परिवार वालों ने उन्हें जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया।