चोरों ने एक ही गांव के तीन मकानों से 58 हजार की नगदी समेत जेवर, कपड़ा सहित करीब पांच लाख 10 हजार रुपये की चोरी करके फरार हो गये। थाने पर तहरीर दी गई है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
थाना क्षेत्र के गांव गांगेपरा निवासी आत्माराम ने पुलिस को बताया कि वह थाना पुवायां के गांव नकूमपुर गया था। घर पर उसके पुत्र राजन, उसकी पत्नी ममता ब अवनीश, अवनीश की पत्नी सरिता कमरों में सोए हुए थे। चोरों ने कमरे का ताला तोड़ कर उसमें रखे बक्से से दो हार, तीन चैन, दो मांगबेदी, एक जोड़ी झाले, तीन जोड़ी कान की झुमकी, आठ अंगूठी, दो चूड़ी, दो मंगलसूत्र, पांच जोड़ी पायल, दो कमरबिछुआ, दो हथफूल, दो जोड़ी बिछिया, 50 हजार की नगदी सहित चार लाख 50 हजार रुपये की चोरी कर ली। रात में जब राजन शौच को उठा और दरवाजा खुला देख सन्न रह गया। राजन व अवनीश टार्च की रोशनी से इधर-उधर देखने लगे। देखा धनपाल के खेत में गांव के ही कुछ लोग बक्सा खोले हुए सामान उलट-पुलट कर रहे है। आवाज लगाने पर इन लोगों ने तमंचा तान कर कहा कि चुप रहा वरना गोली मार दूंगा और भाग गये। इसी रात भाई सिंह के घर चोर तीन हजार पांच सौ की नगदी, एक सोने की जंजीर,दो जोड़ी कुंडल, दो जोड़ी पायल, कमरबिछुआ सहित 60 हजार रुपये और राजेश के घर से पांच हजार की नगदी सहित 50 हजार रूपये का जेवर, कपड़े की चोरी करके चले गये। चोरों ने भाई सिंह का बक्सा,पुराने कपड़े गांव के बाहर पूजा स्थल पर और राजेश बक्सा सूखे तालाब में फेंका। घटनास्थल गई पुलिस ने मौका मुआयना किया। तहरीर दी गई, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं।