पूरनपुर से दवा लेकर लौट रहे मेडिकल स्टोर स्वामी ने बाइक सवार दो बदमाशों ने दवा और नकदी लूट ली। व्यापारी ने गढ़वाखेड़ा चौकी पर तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने तहरीर बदलवा दी और रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की। खुटार के गांव चांदपुर निवासी अनुज पांडे का गांव में ही गोविंद फार्मास्टिकल के नाम से मेडिकल स्टोर है। सोमवार को अनुज दवा लेने पूरनपुर गए थे। वापस घर आते समय खुटार-पूरनपुर मार्ग से जादौपुर कलां मार्ग पर मुड़ते ही पीछे से एक बाइक पर आए दो बदमाशों ने उसकी बाइक को रोक लिया और तमंचे तानकर शोर नहीं मचाने की हिदायत दी। इसके बदमाशों ने उसके पास साढ़े तीन हजार रुपये, 13 हजार रुपये की दवाएं, मोबाइल लूट लिया और अनुज की बाइक का प्लग निकालकर भाग निकले। अनुज ने बताया कि घटना स्थल सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र होने के कारण वह गढ़वाखेड़ा पुलिस चौकी पहुंचे और पुलिस को लूट की तहरीर दी। पुलिस ने उनसे रुपये गिर जाने की तहरीर जबरन लिखा ली और टरका दिया। अनुज ने कहा कि वह मामले की शिकायत एसपी से करेगा।