कस्बा खुदागंज में तीन महीने पहले सर्राफ अमित कुमार गुप्ता से हुई लूट का खुलासा हो गया है। बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर अमित गुप्ता के गोली मार दी थी। पकड़े गए दो बदमाशों के पास से लूटा गया माल बरामद हो गया है। लूट में शामिल दो बदमाश फरार हो हैं। लूट का खुलासा सीसीटीवी फुटेज की मदद से हुआ है। एसपी ने पुलिस टीम के लिए पांच हजार का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
सर्राफा व्यापारी अमित गुप्ता एक अक्तूबर की सुबह करीब दस बजे घर से दुकान खोलने जा रहे थे। घर से कुछ दूरी पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने अमित गुप्ता के हाथ से बैग छीन लिया गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल अमित गुप्ता को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामले में व्यापार मंडल अध्यक्ष कृपाशंकर की तरफ से अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस के हत्थे घटना की योजना बनाने वाला क्षेत्र के गांव कंचनपुर निवासी भगवानदास उर्फ भानू चढ़ गया। पूछताछ में भगवानदास ने कबूला कि उसने ही थाना कटरा क्षेत्र के गांव वैरमपुर निवासी अशोक कुमार, तिलहर के मोहल्ला कच्चा कटरा निवासी जुवैर और नीशू से वारदात कराई थी। घटना में नीशू की बाइक इस्तेमाल की गई थी। पुलिस ने अशोक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि जुवैर और नीशू फरार हैं। भगवानदास ने बताया कि नीशू ने ही अमित गुप्ता पर तमंचे से फायर किया था। दोनों बदमाशों के पास एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी कमर बिछुआ एक लाल डायरी बरामद हो गई है। लाल डायरी में अमित गुप्ता का हिसाब किताब लिखा था। फरार जुवैर और नीशू की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। एसपी आरपीएस यादव ने लूट का खुलासा करने वाली टीम को पांच हजार का इनाम देने की घोषणा की है। टीम में एसओ इफ्तेखार अहमद, सिपाही राजेंद्र कुमार शुक्ला, मोहम्मद असलम और संजीव कुमार शामिल थे।
सीसीटीवी फुटेज से हुई बदमाशों की पहचान
घटनास्थल से सौ मीटर की दूरी पर एक सीसीटीवी कैमरा लगा है। जिसमें घटना के दिन वारदात के लिए जा रहे बदमाशों की तस्वीर आ गई थी। सीसीटीवी फुटेज में एक बाइक पर तीन बदमाश नजर आ रहे हैं। जिसमें से बाइक चालक अशोक का चेहरा बिल्कुल साफ नजर आ रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से ही बदमाशों को पहचान की।