फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डकैतों ने बंधक बनाकर की लूटपाट

Sun, 21 Dec 2014 12:12 AM IST
तिलहर (शाहजहांपुर)
विज्ञापन
विज्ञापन
आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद डकैतों ने हाईवे किनारे गांव खानपुर में शुक्रवार रात जमकर उत्पात मचाया। पहले तो हाईवे पर स्कार्पियो को पंचर कर उसमें सवार दो लोगों को बंधक बनाकर लूटपाट की और फिर उन्हें असलहों के बल पर खानपुर के एक मकान में ले जाकर बांधकर डाल दिया। उसी मकान में रहने वाले लोगों को भी कमरे में बंद कर दिया और इत्मीनान से लूटपाट की। डकैतों ने दो स्थानों पर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी लूट ली। बताते हैं कि रास्ते में इन बदमाशों ने कई जगह फायरिंग की।
विज्ञापन

यह स्कार्पियो गाड़ी तिलहर के मोहल्ला भक्सी निवासी श्याम की थी। वह शाहजहांपुर से घर लौट रहे थे, साथ में ड्राइवर उम्मरपुर का नीरज था। यह गाड़ी जब कोहरे के बीच जब खानपुर की पुलिया के पास पहुंची तो अचानक खाई में पलट गई। समझा जा रहा है कि कीले लगाकर पहिया पंक्चर किए जाने से अचानक स्कार्पियो का संतुलन बिगड़ गया। गाड़ी पलटने के बाद श्याम और ड्राइवर नीरज को बाहर निकालकर लूटपाट शुरू कर दी। नीरज से पांच हजार रुपये, एक मोबाइल फोन, एक टेबलेट, ड्राइवर से दो सौ रुपये और गाड़ी में लगा ऑडियो सिस्टम लूट लिया।
इन दोनों को बाद में लता सिंह के मकान में ले जाया गया। लता सिंह के पति गुरुबक्श सिंह का निधन हो चुका है। बदमाशों ने उनके बेटों अजय, विजय और विचित्र की कनपटी पर तमंचे लगाकर सो रही महिलाओं निशा, बबली, लता सिंह व बच्चों कामिनी, सोल्जर, अमन, निधी आदि को कमरे में ही बंद कर दिया। इसी कमरे में श्याम और नीरज को भी बंद किया गया। अजय और विजय की पिटाई भी की। विजय की पत्नी बबली से पूछताछ करके घर के सारे जेवर तथा कीमती सामान निकाल लिये। करीब एक घंटे तक लूटपाट करने के बाद लाखों रूपये का सामान लूटकर बदमाश फरार हो गये।
विज्ञापन


यह सामान लूटा
निशा के अनुसार बदमाश एक बिछुआ, मंगल सूत्र, दो जोड़ी कुं डल, दो जोड़ी पायलें, बबली के दो जोड़ी पायल, एक पायल, एक मंगल सूत्र, एक जोड़ी कुंडल, लता सिंह के सोने के टाप्स, पायलें, पीतल के बर्तन, बच्चों के कपडे़ और अलमारी में रखे बीस हजार रुपये लूट ले गये।

बमियाहार में झाले पर पुलिस वाला बनकर घुसे
हाइवे के दूसरी ओर गांव बमियाहार में करनैल सिंह के झाले पर पहुंचकर बदमाशों ने पहले पड़ोसी जागीर सिंह के झाले से करनैल सिंह के झाले पर आ रहे केबल को काटकर बिजली गुल कर दी और तब करनैल सिंह के झाले के दरवाजे पर पहुंचकर खटखटाया। गृह स्वामिनी परवीन कौर के पूछने पर बदमाशों ने अपने को पुलिस वाला बताया। साथ ही कहा कि वे भागकर आए एक लड़के और लड़की की तलाश कर रहे हैं। एतराज करने पर बदमाशों ने दरवाजा तोड़ दिया और गालियां देते हुए कनपटी पर तमंचे लगा दिए। उसके बाद अलमारी खोलकर सोने की तीन अंगूठी, तीन जोड़ी कुंडल, एक झुमकी, एक चेन, एक घड़ी, तीन जोड़ी पायल, कपड़े और चालीस हजार रुपये ले गए।

बदमाशों ने मोबाइल की निकाल दी थीं बैट्रियां
खानपुर व बमियाहार दोनों जगहों पर बदमाशों ने सबसे पहले मोबाइल कब्जे में लेकर उनकी बैट्रियां निकाल लीं, ताकि वे किसी को फोन करके सूचना न दे सकें। स्कार्पियो सवार युवकों से भी लुटेरों ने पहले मोबाइल लेकर अपने कब्जे में कर लिए थे, ताकि कोई खतरा न हो।

सुखवंत सिंह के घर पर भी की फायरिंग
बमियाहार के ही निकट सुखवंत सिंह के झाले पर भी बदमाशों ने लूटपाट के उद्देश्य से फायरिंग की, लेकिन जाग होने और घर वालों के एलर्ट हो जाने पर घटना होने से बच गई।

लुटेरे की आशंका में एक को पकड़ा, की मारपीट
गांव खानपुर में बीती रात हुई लूटपाट की घटना के बाद लुटेरे के शक में ग्राम हरनोखा निवासी रोहित को गांव वालों ने सरोवर नगर बाजार से पकड़ लिया और बुरी तरह पिटाई की। बाद में पुलिस लहूलुहान युवक रोहित को नगरिया मोड़ चौकी ले गई। उससे पूछताछ की जा रही है। इधर, खानपुर के गुरुबक्श सिंह के बेटे अजय सिंह, बमियाहार निवासी अजायव सिंह और श्याम कुमार बताया कि उन्होंने घटना की तहरीर शनिवार सुबह ही पुलिस को दे दी थी। हालांकि देर शाम तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें