गांव भीकमपुर के एक ग्रामीण के खाते से लाखों रुपयों की हेराफेरी करने के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने जेल में बंद दोनों बैंक अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव भीकमपुर निवासी लालाराम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि नगर स्थित बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा में बचत खाता के अलावा केसीसी और ट्रैक्टर लिमिट खाता संचालित हैं। आरोप है कि सभी खातों से आहरण कर 1.44 लाख रुपये ट्रैक्टर के ऋण खाते में जमा करने के लिए नकद दिए। जिसे दोनों अधिकारियों ने मिलकर हड़प लिए। मामले का खुलासा होने के बाद ग्रामीण ने बैंक के चक्कर लगाए, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। मजबूरन उसे कोर्ट का सहारा लेना पड़ा। कोर्ट ने मैनेजर और फील्ड आफीसर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए। कोर्ट के आदेश पर शनिवार पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बताते चलें कि 22 जुलाई को वर्तमान में तैनात शाखा प्रबंधक अनुराग अवस्थी ने मैनेजर शील कुमार सिंह, फील्ड आफीसर जेपी गंगवार और कार्यालय सहायक अतुल दीक्षित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें 52 ग्राहकों के खातों से करीब एक करोड़ रुपयों से अधिक की धनराशि अवैध रूप से आहरण कर ठिकाने लगाने का आरोप है। इनके अलावा सबलपुर निवासी घनश्याम दीक्षित, नगर निवासी संजीव जायसवाल, मनोज जायसवाल और जाबिर हुसैन पर भी हेराफेरी का आरोप लगाते हुए नामजद किया गया था। पुलिस आरोपी फील्ड आफीसर को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि मैनेजर शीलकुमार सिंह ने पिछले हफ्ते कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। मौजूदा समय में दोनों बैंक अधिकारी जेल में हैं।