जिला अस्पताल आवासीय कॉलोनी में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े चोरों ने लैब टेक्नीशियन के बंद घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवर और नगदी चुरा लिए। घटना की सूचना पर पुलिस मौका मुआयना कर चोरों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।
जिला अस्पताल ब्लड बैंक में तैनात सत्येंद्र कुमार अस्पताल की आवासीय कॉलोनी के टाइप बी ब्लाक में दूसरी मंजिल पर 11 नंबर आवास में रहते हैं। सुबह नौ बजे सत्येंद्र घर से अस्पताल चले गए। उनकी पत्नी सरिता खाना बनाने के बाद घर में ताला डालकर पड़ोस में रहने वाले लैब टेक्नीशियन प्रभाकर के घर उनकी पत्नी को देखने चली गईं। करीब एक घंटे बाद सरिता वापस आईं तो मकान का ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। सरिता ने तुरंत सत्येंद्र को फोन करके घर बुलाया। सत्येंद्र की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। सत्येंद्र के मुताबिक चोर घर के अंदर रखी अलमारी का ताला तोड़कर नौ सोने की अंगूठी, पांच जोड़ी पायल, चार जोड़ी कुंडल, एक हार, तीन सोने की चेन, एक मंगलसूत्र और 40 हजार रुपये चुरा ले गए। दिनदहाड़े हुई घटना से कॉलोनी के डॉक्टरों और अस्पताल कर्मियों में दहशत है। पुलिस चोरों का सुराग लगाने के लिए कॉलोनी के लोगों से पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर केके तिवारी के मुताबिक चोरी की घटना की जांच की जा रही है।