अपहृत किशोर का सुराग लगाने के बजाय पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर अपना पल्ला झाड़ लिया। जबकि एक दंपति ने कांट क्षेत्र के एक व्यक्ति पर ही अपहरण का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कि पुलिस सब कुछ जानने के बाद भी अंजान बनी है। पीड़ित ने एएसपी को पत्र देकर बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
चौक कोतवाली के गांव नवादा इंदेपुर निवासी रामगोपाल वर्मा ने एएसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी को पत्र देकर बताया कि 29 मई को उसके 15 वर्षीय बेटे नितिन कुमार का टोल प्लाजा के पास से अपहरण कर लिया गया। पीड़ित का आरोप है कि इस अपहरण कांड में कांट क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति शामिल है, क्योंकि उसने झगड़ा होने पर बेटे के अपहरण की धमकी दी थी। मामले की नामजद तहरीर दिए जाने के बाद भी पुलिस ने केवल गुमशुदगी दर्ज की। आरोपी को पकड़ने के बाद भी उसे पुलिस ने छोड़ दिया। पीड़ित दंपति ने बताया कि दो सप्ताह से वह और उसकी पत्नी बेटे को तलाश कर रहे हैं, लेकिन बेटे का सुराग नहीं लग रहा है। एएसपी ने अपहृत की बरामदगी का आश्वासन दिया है।