बिसरात से गायब हुई शिखा और उसके घर में किराए पर रहने वाली लॉ की छात्रा खुशबू को आरोपियों ने मारकर नहर में फेंक दिया। उनके कपड़े गजरौला के बसंत विहार कालोनी में खाली पड़े प्लाट पर ले जाकर जला दिए। स्थानीय पुलिस के साथ लड़कियों की खोज में जुटी शाहजहांपुर पुलिस ने खाली प्लाट से कपड़े और एक जोड़ी पाजेब बरामद की है। अभी इसकी शिनाख्त नहीं कराई है। उधर, बुधवार को धनौरा में मिली महिला की लाश की शिनाख्त गायब दोनों युवतियों के परिवारीजनों से कराई गई। दोनों युवतियों के परिवारीजनों ने बताया कि शव युवतियों का नहीं है।
दोनों सहेलियों को गायब हुए सात दिन बीत गए लेकिन पुलिस उनकी बरामदगी नहीं कर पाई है। हालांकि शाहजहांपुर पुलिस की तीन टीमें अमरोहा पुलिस के साथ लगी हुई हैं। युवक ने गिरफ्तारी के दूसरे दिन पुलिस को बताया था कि उसने दोनों युवतियों के मारने के लिए सुपारी किलर को पैसे दिए है। इसी बीच निगोही की लड़की खुशबू का फोन उसके मां-बाप के पास पहुंचा था। काल का समय बेहद संक्षिप्त था और पीछे से बर्तनों के खनकने की आवाज आ रही थी। इसके बाद पुलिस ने सुपारी किलर वाली बात उस समय सही नहीं माना। वहीं पुलिस को खुशबू के मां-बाप ने बताया कि बहुत कम समय के फोन आया था और वह स्पष्ट नहीं कर पाए कि आवाज उनकी बेटी की ही है।
अब राहुल और उसके संपर्क में लगातार रहे आरोपियों को पुलिस ने उठाया तो सभी यही कह रहे हैं दोनों युवतियों को मारकर धनौरा में नहर में फेंक दिया। उधर, अमरोहा से मिली जानकारी के अनुसार उनके कपड़े एक खाली प्लाट में ले जाकर जला दिए। पुलिस को कपड़े मिले हैं हालांकि उनकी शिनाख्त बाकी है। वहीं, पुलिस ने मंडी धनौरा के गांव वसीमुस्तक और गजरौला के चकनवाला गांव से होकर जा रही रामगंगा की पोषक नहर में खंगाला। हिरासत में लिए गए एक युवक ने पुलिस को चार अन्य के नाम बताए हैं लेकिन अभी वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े हैं।
राहुल की बहन पारुल को पुलिस ने उठाया
लापता सहेलियों के मामले में शाहजहांपुर की महिला पुलिस टीम ने गजरौला के समीप आरोपी राहुल के मूल गांव महेसड़ा से उसकी बहन पारुल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। उससे वहीं पूछताछ हो रही है। तीन दिनों से उसके अपने पति समेत दो लोगों को सुबह और शाम खाना पहुंचाए जाने की बात सामने आई थी। हालांकि उसने पूछताछ में इससे इंकार किया है। एसपी बबलू कुमार ने पारुल के संबंधी में मिली शुरुआती जानकारी को बेदम बताया है।
मिसलीड कर रही हरदोई की युवती
बिसरात निवासी दोनों युवतियों को गायब कराने का दावा करते हुए व्हाट्सएप पर एसपी को संदेश भेजने वाली हरदोई निवासी युवती से हुई पूछताछ और जुटाए गए ब्योरे से पाया गया कि वह तफ्तीश में जुटी पुलिस टीम को मिसलीड कर रही है। ऐहतियातन उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।