कोतवाली क्षेत्र की केरूगंज गल्ला मंडी में थोक व्यापारी राम किशोर गुप्ता की जरनल मर्चेंट की दुकान से चोरों ने शनिवार की रात शटर तोड़कर करीब 90 हजार रुपये की सिगरेट और 60 हजार की नगदी चोरी कर ली है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहर के मोहल्ला दलेलगंज में रहने वाले थोक व्यापारी राम किशोर गुप्ता की केरूगंज गल्ला मंडी में जरनल मर्चेंट की दुकान है। उन्होंने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उन्हें सुबह सात दुकान के पास रहने वाले एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उनकी दुकान का शटर उठा हुआ है। खबर सुनकर वह दुकान पहुंचे तो देखा कि चोर उनकी दुकान का शटर उठाकर अंदर घुसे और दुकान में रखी करीब 90 हजार रुपये की सिगरेट चोरी कर ली। इसके साथ दुकान के गल्ले में रखे 60 हजार रुपये नगद चोर चोरी कर ले गए। दुकान का सारा सामान बिखरा पड़ा था। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने दुकान पर पहुंचकर छानबीन की। कोतवाली पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फिल्ट यूनिट की टीम को मौके पर बुला लिया। टीम ने छानबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पांच के फटे नोट छोड़ गए चोर
चोरों ने चोरी की घटना को बड़े आराम से अंजाम दिया। मंहगी सिगरेट छांटी और सस्ती सिगरेट को छुआ भी नहीं। इसके साथ ही चोरों ने गल्ले में पांच सौ, सौ और पचास समेत अन्य कटे फटे नोटों को गल्ले में ही छोड़ गए।