उनके पास से चोरी किए गए सोने के टाप्स बरामद हुए। करीब आठ महीना पहले इन महिलाओं ने एक सराफा व्यापारी की दुकान से नाक के फूल चोरी किए थे। सीसीटीवी कैमरे में चोरी की घटना कैद हो गई थी। व्यापारी तब इन महिलाओं की तलाश में थे। दोनों महिलाओं को थाना सदर बाजार पुलिस के हवाले कर दिया गया है। दोनों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र की जलालनगर सराफा बाजार में अंकित वर्मा की दुकान पर दोपहर में दो महिलाएं एक बच्चे को गोद में लेकर जेवर खरीदने आईं। दोनों महिलाओं ने अंकित से कान के टॉप्स दिखाने की बात कही। अंकित ने कई डिजाइन के टॉप्स इन महिलाओं को दिए, जिस महिला की गोद में बच्चा था उसने एक टॉप्स का पत्ता उठाकर छुपा लिया। इसी बीच अंकित को महिलाओं पर शक हो गया। अंकित ने आस पड़ोस के सराफा व्यापारियों को भी बुला लिया। महिलाओं की तलाशी लेने पर सोने का टॉप्स का पत्ता मिल गया। इससे पहले इन महिलाओं ने जलालनगर में भी सराफा व्यापारी रतन लाल वर्मा की दुकान से सोने के फूल चुराए थे। चोरी की यह घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। तब से व्यापारी इन महिलाओं की तलाश में थे। थाने में पूछताछ में इन महिलाओं ने बताया कि वह निगोही के टिकरी गांव में रहने वाली हैं। एक महिला का नाम तुलसा और दूसरी का राजेश्वरी है। पुलिस के मुताबिक महिलाएं बार-बार अपना नाम-पता बदलकर बता रही हैं। महिला पुलिस उनका सही नाम पता जानने की कोशिश कर रही है। थाना प्रभारी एसएसआई मो. इश्तियाक ने बताया कि महिलाओं से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।