चोरों ने सोमवार रात चार घरों से जेवर और एक लाख दस हजार की नगदी सहित लगभग 15 लाख रुपये चुरा ले लिए। खटपट की आवाज सुनकर चोर फरार हो गए। डाग स्क्वायड टीम पहुंची, लेकिन कोई सुराग नहीं निकाल सकी।
सपा नेता अजयपाल सिंह के पैतृक गांव सपौरा निवासी सफाई कर्मचारी राजपाल अपने परिवार सहित बरेली के कस्बा बहेड़ी की बारात में शिरकत करने गए थे। पड़ोसी रामेश्वर की दीवार से चढ़कर चोर राजपाल के घर में आ पहुंचे। चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर उसमें रखी कुठिया से एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी कुंडल सोने, हार, मंगलसूत्र, लाकेट, सोने की अंगूठी और बक्से में रखे 13 हजार रुपये सहित चार लाख का सामान उठा ले गए। गांव के ही शिवसरन का परिवार छत पर सो रहा था। पश्चिमी दीवार से घर में दाखिल हुए चोर तीन सोने की मोहर, दो अंगूठी सोने, एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी कुंडल सोने, कमर बिछुआ, एक जोड़ी पायल व 10 हजार की नगदी सहित दो लाख रुपये की चोरी करके चले गये। पड़ोस में ही रह रहे सगे भाई हरिसरन का भी परिवार छत पर सो रहा था। हरिसरन के घर में पहुँचेे चोर तीन मोहर, चार अंगूठी सोने, एक लाकेट, दो हार, एक जोड़ी सोने के कुंडल सीेने, दो जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी पायजेबरी व 30 हजार की नगदी सहित चोरों ने लगभग तीन लाख की चोरी कर ली। सपा नेता अजयपाल सिंह के पैतृक मकान में उनके भाई बेचे सिंह, अमरपाल अपने घर की परिवार सहित छत पर सोए हुए थे। मकान की दक्षिणी दीवार फांद कर घर में आए चोर अजयपाल के बड़े भाई बेंचे सिंह के बक्से से चार अंगूठी सोने, दो जंजीर सोने, तीन हार सोने, दो जोड़ी झुमकी सोने, तीन जोड़ी कुंडल सोने, दो कमर बिछुआ, दो जोड़ी पायजेबरी व 52 हजार रुपये सहित लगभग छह लाख रुपये की चोरी कर ले गए।
बेचे सिंह के कमरे की चोरी करने के बाद इसी मकान में रह रहे बेचे सिंह के छोटे भाई अमरपाल के कमरे का ताला चोर तोड़ ही रहे थे कि अमरपाल की पत्नी कमला की आंख खुल गई और उन्होंने आवाज लगाई, तो लगभग एक दर्जन से अधिक चोर भाग गए। चोरी की सूचना पर निगोही थानाध्यक्ष अमर सिंह यादव दलबल के साथ सपौरा जा पहुंचे और मौका मुआयना किया। इसी बीच डाग स्क्वायड टीम भी पहुंची। खोजी कुतिया पूरे गांव में घूमी, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
पीड़ितों द्वारा दी गई तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। चोरी का खुलासा शीघ्र कर दिया जाएगा।
- अमर सिंह यादव, एसओ निगोही
पांच दिन बाद भी नहीं
लगा चोरों का सुराग
बंडा। गांव कंधरपुर में हुई दस लाख की चोरी का पुलिस पांच दिन बीतने के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा पाई है, जिससे क्षेत्र में दहशत है।
गौरतलब है कि सात जुलाई की रात चोरों ने गांव कंधरपुर निवासी सतेंद्र कुमार के सड़क किनारे बने घर के दो कमरो में नकब लगाकर 1.65 लाख की नगदी सहित लगभग दस लाख रुपये की संपत्ति चुरा ली थी। सतेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट तो दर्ज कर ली, लेकिन चोरों का पता लगाने के लिए ठोस प्रयास नहीं किए। घटना को पांच दिन बीत चुके है, लेकिन अभी तक पुलिस चोरी का सुराग नहीं लगा पाई है। सतेंद्र का आरोप है कि उसने गांव के ही कुछ संदिग्ध लोगों के नाम भी पुलिस को बताए हैं, लेकिन पुलिस ने अभी तक किसी भी संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की जरूरत नहीं समझी है। पुलिस की कार्यशैली से पीड़ित परिवार में रोष है।