बंथरा स्थित इंडियन आयल डिपो पर घटतोली और चालकों-परिचालकों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पेट्रोलियम टैंकर्स एवं ड्राइवर्स कंडक्टर्स यूनियन के आहवान पर टैंकर चालकों ने बंथरा गुरुद्वारे के पास हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। साथ ही डिपो प्रबंधक पर घटतोली का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
चालकों का आरोप है कि डिपो में आठ में से सात प्वाइंट पर तेल की घटतोली की जाती है। टैम्परेचर बढ़ाकर प्रति टैंकर 40 से 45 लीटर तेल कम दिया जाता है। प्रतिरोध करने पर बैन लगाने की धमकी दी जाती है। गत 14 फरवरी को चालक सतीश कुमार सिंह ने जब प्रतिरोध किया तो उसे बैन कर दिया गया। रोजगार चले जाने पर उसने 14 फरवरी को जहर खा लिया। इस पर उसे गंभीर हालत में मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। चालकों का आरोप है कि डिपो प्रबंधक जयराज हंसदा द्वारा चालकों का जबदरस्त उत्पीड़न किया जाता है। विरोध करने पर बैन करने की धमकी दी जाती है। उन्होंने डिपो प्रबंधक को निलंबित करने तथा सभी फ्यूल प्वाइंटों को ठीक कराने की मांग की है। इस दौरान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. एसके वर्मा आजाद, प्रदेश सचिव गजेंद्र सिंह, अध्यक्ष गुरुनेक सिंह, नरेश चंद्र शर्मा, दिनेश कुमार, राजेंद्र कुमार, संतोष शर्मा, बादशाह, राम रतन, राम सरन, मुरारी, उमेश कुमार, अशोक आदि मौजूद रहे।
दोनों पक्षों के गिले शिकवे दूर करा दिए गए हैं। टैंकर चालक के इलाज की व्यवस्था कर दी गई है। डिपो में सभी फ्यूल प्वाइंट एक दम ओके हैं। घटतोली का आरोप बेबुनियाद है।
- मनोज गुप्ता, एरिया मैनेजर, इंडियन आयल बरेली
कंपनी अधिकारियों से हुई वार्ता के बाद सभी समस्याओं के निराकरण का एक सप्ताह में निस्तारण का आश्वासन दिया गया है तथा ड्राइवर के इलाज में खर्च 60 हजार की पूरी धनराशि पीड़ित को मिलने के बाद हड़ताल वापस ले ली गई है।
- गजेंद्र सिंह, सचिव पेट्रोलियम टैंकर यूनियन