बरेली, हरदोई और शाहजहांपुर से बीते कई माह से बाइक चोरी में लिप्त एक अंतर जनपदीय बाइक लिफ्टर गिरोह के दो सदस्य शाहजहांपुर पुलिस ने धर दबोचे हैं। इनमें से एक मिथिलेश गिरोह का सरगना है। यह हरदोई का रहने वाला है और रोजा के पास लोधीपुर में भी ठिकाना बना रखा है। इसकी निशानदेही पर दबिश दी जा रही है। रविवार रात तक आधा दर्जन चोरी वाली बाइक बरामद कर ली गई है। इसमें से एक दो माह पहले बरेली से चोरी हुई थी।
इस गिरोह में चार सदस्य हैं। इन्होंने अपने क्राइम का तरीका भी पुलिस को बताया है। नई बाइक इनके निशाने पर होती थी। ये चोरी किए हुए बाइक को लाकर खुले बाजार या चोरी का माल खरीदने वालों को नहीं बेचते थे। ये खुद की आर्थिक जरूरत बताकर चोरी वाली बाइक को अपना बताते हुए गिरवी रखते थे। गिरवी रखने वाला यदि इनसे गाड़ी के कागजात मांगता था तो ये बताते थे जल्द ही रजिस्ट्रेशन कराकर मुहैया करा देंगे। ऐसी ही एक बाइक गत दिनों चेकिंग के दौरान यहां पुलिस ने पकड़ी तो पूरा खेल खुला। हरदोई, बरेली और शाहजहांपुर में इनके द्वारा उड़ाए गए बाइकों की सही जानकारी जुटाई जा रही है और उसके बाद आधिकारिक तौर पर गिरोह का खुलासा करने की तैयारी है। एसपी बबलू कुमार ने बताया कि गिरोह हाथ आया है लेकिन अभी सारे लोग हिरासत में नहीं लिए जा सके हैं। वर्कआउट जारी है।