अंतर्जनपदीय बाइक चोरों के गैंग सरगना अनीस को चार दिन की मशक्कत के बाद पुलिस ने घर दबोचा है। गैंग द्वारा चोरी की गई 20 बाइक बरामद की गई हैं और उसकी निशानदेही पर दो बाइक को रिकवर और अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस दल दबिश पर है।
बता दें कि चार माह पहले जमुही के मदनपाल कश्यप की बाइक रोजा क्षेत्र की मंडी से चोरी हुई थी, जिसकी सुरागरसी मदनपाल अपने साथी संजीव सिंह के साथ खुद ही कर रहा था। 22 अगस्त को पीड़ित मदनपाल और संजीव सिंह ने अपनी बाइक का सुराग पसगवां क्षेत्र की उचौलिया पुलिस चौकी के मोहदिदनपुर में लगाकर रोजा पुलिस को सूचना थी।
प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र पाठक ने अपने हमराही रामलखन अवस्थी, रामराखन मिश्रा और एसआई बिरजाराम, तेजपाल सिंह के साथ बीते सोमवार को दबिश दी तो मौके से नौ बाइक को बरामद किया गया और आरोपी मोहसिन को गिरफतार किया गया। तब बाइक चोरों का गैंग सरगना अनीस मौके से भागने में कामयाब रहा था।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गुरुवार की सुबह आरोपी अनीस निवासी मोहदिदनपुर थाना पसगवां जिला लखीमपुर खीरी को गिरफतार कर लिया गया है, पकड़े गए मोहसिन और अनीस की निशानदेही पर अब तक 20 बाइक को बरामद किया गया है। सरगना अनीस ने चोरी की गई दो अन्य बाइक के बारे में सुराग दे दिया है, जिसको रिकवर करने के लिये पुलिस पार्टी को रवाना किया गया है।
बता दें कि इस मामले में एसआई बिरजाराम की तहरीर पर रोजा थाना में 22 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है। बरामद बाइक में अधिकांश हरदोई और शाहजहांपुर जनपदों से चोरी की गयी हैं, जिसमें कुछ मामलों में तो पहले से ही बाइक स्वामियों की तरफ से जनपद के अलग-अलग थानों में रिपोर्ट दर्ज हैं और कुछ को पुलिस ने टरका दिया था। बाइक मालिक अपनी बाइक पाने के लिये थाने के चक्कर लगा रहे हैं।
इस गैंग में कई अन्य लोगों के नाम सामने आये हैं, जो गैरजनपद के शातिर आरोपी हैं। आला अफसरों की निगरानी में सभी को पकड़ने के लिये पुलिस टीमें भेजी गयी हैं।
-नरेंद्र पाठक, प्रभारी निरीक्षक रोजा
पंजाब से चुराई कार बरामद
मीरानपुर कटरा। पुलिस ने नेशनल हाईवे पर बृहस्पतिवार को पंजाब से चुराकर लाई गई कार बरामद की है। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस नेशनल हाईवे पर गश्त कर रही थी कि बरेली की ओर से आ रही फार्चूनर कार चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसे रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने कार की स्पीड बढ़ा दी। पुलिस के पीछा करने पर कार को नेशनल हाईवे किनारे छोड़कर चालक व उसका साथी फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि जांच में उक्त कार चोरी की निकली है और 15 दिन पूर्व पंचकुला (पंजाब) से चुराई गई थी। कार मालिक का नाम दिलबाग सिंह बताया जा रहा है।