सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को युवती की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई थी। इस मामले में युवती के घरवालों ने पड़ोस के युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने और फिर जहर देकर मार डालने का आरोप लगाया है।
युवती के पिता ने कहा कि पड़ोस का एक युवक शुक्रवार की रात उनकी बेटी को बहला फुसलाकर ले गया था। शनिवार को दोपहर बेटी घर पहुंची तो उसकी हालत बेहद खराब थी। कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। गांववालों ने भी उनकी बेटी को शुक्रवार रात पड़ोसी युवक के साथ देखा था। युवक के खिलाफ थाने में तहरीर भी दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
इधर, थाना प्रभारी केके वर्मा का कहना है कि युवती का पड़ोस के एक लड़के से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार को युवती को गांव के कुछ लोगों ने लड़के के साथ देख लिया और इसकी शिकायत युवती के पिता से कर दी थी। इस पर पिता ने उसे जमकर डांटा-फटकारा था। इससे क्षुब्ध होकर ही युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। हत्या करने का आरोप पूरी तरह से फर्जी है। इस मामले में अभी जांच चल रही है। सही तथ्यों के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।