दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति और ससुराल के लोगों ने युवती को डंडों से पीटकर गंभीर घायल कर दिया। युवती अपने भाई आदि के साथ सोमवार रात थाने पहुंची, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। हालत गंभीर होने के कारण युवती को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
खीरी के भीरा थाना क्षेत्र के गांव बिवियापुर निवासी राजू ने बताया कि उसने अपनी बहन रूबी की शादी अप्रैल 2015 में खुटार के गांव नवदिया दरोदग्रह निवासी विपिन कुमार के साथ की थी। शादी में सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज भी दिया था। उसका बहनोई दहेज से संतुष्ट नहीं था। बहनोई और उसके परिवार के लोग 50 हजार की नगदी और बाइक की मांग को लेकर बहन का उत्पीड़न करने लगा। एक सप्तह पूर्व बहनोई और उसके परिवार के लोगों ने बहन को डंडे से पीटकर घायल कर दिया, इससे बहन का तीन माह का गर्भ भी गिर गया। इसके बाद बहन को एक कमरे में बंद कर दिया और उसकी पिटाई की जाती रही। इस दौरान बहन को भोजन आदि भी नहीं दिया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। गांव के एक व्यक्ति ने उसे मामले की जानकारी दी तो वह सोमवार को बहन की ससुराल पहुंचा और उसे बंधनमुक्त कराया।
सोमवार रात ही वह बहन रूबी को लेकर खुटार थाने पहुंचा लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। रात भर वह लोग थाने में रहे। कार्रवाई नहीं होने पर मंगलवार सुबह उसने सीओ को फोनकर मामले की जानकारी दी तो दीवान ने उसकी बहन को सरकारी अस्पताल भेज दिया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की। चोट के कारण नाजुक अंग से खून निकलने के कारण डॉक्टरों ने रूबी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि मारपीट के मामले की जांच की जा रही है।