कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कच्चा कटरा में शुक्रवार की दोपहर चंदा देने से मना करने पर दबंगों ने 40 वर्षीय उमेश शर्मा के गोली मार दी। इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा दर्ज हो गया है। वहीं मोहल्ला रोशनगंज में रहने वाले रवि शर्मा के घर में घुसकर दबंगों ने गोली मार दी। घायलों को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में पुलिस को तहरीर दे दी गई है, लेकिन पुलिस ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
मोहल्ला हुंडाल खेल में रहने वाले संजेश कुमार ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मोहल्ला कच्चा कटरा में रहने वाले शिवा अग्रवाल ने उनके भतीजे उमेश से होली के चंदे के रूप में दो सौ रुपये की मांग की, जिसे उमेश ने देने से इनकार कर दिया। इस पर शिवा ने अपने दोस्त शिवम् और राकेश के साथ उमेश को रास्ते में घेर लिया। तीनों ने गाली-गलौज करते हुए उमेश की पिटाई कर दी। विरोध करने पर शिवा ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली उमेश के सीने में लगी और वह जमीन पर गिर गया। हमलावर हवा में तमंचे लहराते हुए फरार हो गए। मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। वहीं क्षेत्र के मोहल्ला रोशन गंज में रहने वाले दर्शन शर्मा के 22 वर्षीय बेटे रवि शर्मा के मोहल्ले में रहने वाले कुछ दबंगों से विवाद हो गया। दबंग घर में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। दबंगों ने घर में मौजूद महिलाओं के साथ भी अभद्रता की। विरोध करने पर दबंगाें ने फायरिंग कर दी। एक गोली रवि में पेट में लगी। जिससे वह घायल होकर जमीन में गिर गया। दबंग हवा में तमंचे लहराते हुए फरार हो गए। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया, हालत गंभीर होने पर रवि को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रवि के परिवार वालों की तरफ से थाने में तहरीर दी गई, लेकिन पुलिस इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। इंस्पेक्टर श्रीप्रकाश राय के मुताबिक रवि के गोली नहीं लगी है। मोहल्ले के कुछ लोगों से उसका विवाद हुआ है, जिसकी तहरीर पर जांच की जा रही है।