चोरों ने माइक, बैटरी भी कर दी क्षतिग्रस्त
पहले भी मंदिर में हो चुकी हैं वारदातें
थाना सदर बाजार क्षेत्र में शहबाजनगर रोड पर रविवार रात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर उसमें से दानपात्र चोरी कर लिया। इस दौरान चोरों ने मंदिर में रखा माइक व बैटरी क्षतिग्रस्त कर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहबाजनगर रोड पर शिव शक्ति बालाजी के नाम से मंदिर है। इसके व्यवस्थापक राजीव शर्मा हैं। पूजा-पाठ प्रेमशंकर पांडेय करते हैं। सोमवार सुबह जब वह रोजाना की तरह मंदिर पहुंचे तो देखा कि मंदिर के ताले टूट पड़े हैं और माइक व इंवर्टर का बैटरा भी टूटा पड़ा है। दानपात्र गायब है। मंदिर व्यवस्थापक ने बताया कि दानपात्र को चार माह से नहीं खोला गया था। अंदाजा है कि उसमें लगभग दस हजार की नगदी होगी। उन्होंने बताया कि इससे पहले चोरों ने वारदात को अंजाम देने की कोशिश में ताले तोड़े थे। इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द से जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।