ठगों ने दंपति को दो लाख रुपये में आधा किलो सोना देने का झांसा देकर दो लाख रुपये ठग लिए। दंपति ने अपने साथ हुई घटना की तहरीर थाना सदर बाजार में दे दी है।
बरेली में आंवला क्षेत्र के गांव पुनिया निवासी सुखदेव के पास एक सप्ताह पूर्व एक फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने बताया कि उसे खुदाई में आधा किलो सोने के जेवर मिले हैं, जिसे वह दो लाख रुपये में दे देगा। सुखदेव ने सोना लेने से इनकार कर दिया। सोना बेचने वाले व्यक्ति ने इस बीच सुखदेव को कई बार फोन किया, जिससे वह ठगों के झांसे में आ गया। सुखदेव ने खेत बेचकर दो लाख रुपये का इंतजाम किया। सोमवार के दिन शाहजहांपुर में लेनदेन की बात तय हुई। शाम करीब सात बजे एक ठग ने रोडवेज क्रासिंग के पास फोन करके सुखदेव को बुलाया। सुखदेव के साथ उसकी पत्नी अंगूरा भी थी। ठगों ने एक थैले में सुखदेव का करीब आधा किलो वजन की माला दे दी। सुखदेव ने दो लाख रुपये दे दिए। तीनों ठगों में एक ने अपने मोबाइल में लगा सिम निकालकर सुखदेव को देकर कहा कि जब बात करनी हो इसी सिम से बात करना। इसके बाद वह तीनों व्यक्ति चले गए। बाद में सुखदेव ने एक सुनार की दुकान पर माला को चेक कराया तो वह पीतल की निकली। यह देखकर सुखदेव के पैरों तले जमीन खिसक गई। वह पत्नी के साथ थाना सदर बाजार में शिकायत करने पहुंचा। उसने अपने साथ हुई घटना की पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने रोडवेज क्रासिंग पर पहुंचकर ठगों को तलाश किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने ठगों के नंबर पर भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका नंबर बंद जा रहा था।