नकाबपोश बदमाशों ने रविवार रात घाटबोझ गांव में धावा बोला। बदमाश गृहस्वामी को बंधक बनाकर असलाह के बल पर जेवर और दो पशु लूटकर ले गए। इस घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है, लेकिन देर शाम तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। घाटबोझ निवासी महेशपाल सिंह रविवार की रात परिवार समेत अपने घर में सो रहे थे। तभी नकाबपोश पांच बदमाश दीवार फांदकर महेशपाल के घर में घुस आए। आहट सुनकर उसकी आंख खुल गई। महेशपाल के आवाज देने पर उन्हें दो बदमाशों ने घेर लिया और कनपटी पर तमंचा तानकर मुंह बंद रखने को कहा। यही नहीं बदमाशों ने महेश को हाथ-पैर बांधकर डाल दिया और वहीं तमंचा तानकर खड़े हो गए। उनके दो साथी पशु लेकर चले गए। इसी बीच उसकी पत्नी असलेखा जाग गई। बदमाशों ने असलेख के कानों से एक जोड़ी सोने के कुंडल और एक जोड़ी चांदी की पायल लूट ली। इसके बाद धमकी देकर बाकी बदमाश भी फरार हो गए।
ग्रामीण के चार पशु चोरी
थाना क्षेत्र के गांव परसरा-परसरी निवासी सर्वेश के बग्गर में घुसे चोर चार पशु चुराकर ले गए, जिनकी कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जाती है। इस घटना की तहरीर थाने में दे दी गई, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
बदमाश ने युवक से नगदी छीनी
बाइक सवार बदमाश ने साप्ताहिक बाजार से अपने घर जा रहे युवक से एक हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया और फरार हो गए। थाने में तहरीर देने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की ।
कस्बा निवासी तौलेराम का पुत्र शिवकुमार सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे पतराजपुर साप्ताहिक बाजार से अपने घर लौट रहा था। वह गांव पतराजपुर के उत्तर रेलवे लाइन के निकट कच्चे रास्ते में सिमरौआ के पेड़ के पास पहुंचा होगा। वहां पहले ही खड़े बाइक सवार बदमाश ने शिवकुमार का पीछे से कालर पकड़ा और कनपटी पर तमंचा लगाकर एक हजार रुपये व मोबाइल लूटकर फरार हो गया।