मां और पिता के साथ दिल्ली जा रही एक नाबालिग लड़की को पुवायां की तीन महिलाएं नौकरी दिलाने के नाम पर बहला फुसलाकर पुवायां र्ले आइं और 50 हजार रुपये में बेच दिया। विकलांग से जबरिया शादी किए जाने की कोशिश पर लड़की ने शोर मचाया तो मामला पुलिस तक पहुंचा। बिहार के जनपद सीतामढ़ी के थाना धुमरा के एक गांव की 16 वर्षीय लड़की एक सप्ताह पूर्व अपने पिता और मां के साथ काम करने के लिए दिल्ली जा रही थी। ट्रेन में उसे तीन महिलाएं मिलीं और बढ़िया नौकरी दिलाने का झांसा देकर पिता, मां की नजरों से बचाकर किशोरी को शाहजहांपुर में ट्रेन से उतार लिया और अपने साथ घर पुवायां ले आईं। पुवायां के गांव नौगवां में लड़की को रखा गया। इसी गांव के दो लोगों ने लड़की को सिंधौली के गांव फूटाकुंआ निवासी एक युवक को 50 हजार रुपये में बेच दिया। जिस युवक से लड़की का सौदा हुआ उसका एक हाथ कटा हुआ है और वह उम्रदराज भी है। शनिवार को लड़की को फूटाकुंआ पहुंचा दिया गया। रविवार को विकलांग ने लड़की से शादी करने का इंतजाम किया तो किशोरी ने शोर मचाते हुए लोगों से अपने घर पहुंचा देने की गुहार शुरू कर दी। इससे मौके पर गांव के तमाम लोग जमा हो गए और लड़की को शांत कराने के साथ ही सिंधौली पुलिस को मामले की जानकारी दी। इस दौरान लड़की को खरीदने वाला परिवार सहित फरार हो गया। पुलिस गांव पहुंचकर लड़की को साथ ले आई और पूछताछ करने के बाद महिला थाने भेज दिया। सोमवार को किशोरी को पुवायां में एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया। एसडीएम रामशंकर ने लड़की का मेडिकल कराने के निर्देश दिए हैं।
गांव फूटाकुंआ से लड़की को बरामद किया गया था। सोमवार को लड़की को मेडिकल के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कल्याण सिंह यादव, प्रभारी चौकी कोरोकुइयां, कोतवाली सिंधौली