मालगाड़ी के वैगन से सामान और खाद्यान्न चुराकर हरदोई के शाहाबाद से खुले बाजार में खपाने वाले गिरोह एवं रैकेट तक पहुंचने पर पुलिस को अहम सफलता हाथ लगी है। जिला पुलिस और आरपीएफ की साझा टीमों ने तीन गिरोहों के आधा दर्जन सदस्यों को दबोचा है। इनके पास चोरी के सामान की ढुलाई में इस्तेमाल की जाने वाली पिकअप गाड़ी को जब्त किया गया है। इनकी निशानदेही पर गिरोहों के दूसरे सदस्यों की धरपकड़ और चोरी के सामान की बरामदगी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। बुधवार को आधिकारिक तौर पर इसका खुलासा करने की संभावना है।
मिली जानकारी के अनुसार, जिन तीनों गिरोहों पर छापामारी टीम ने शिकंजा कसा है उनमें से प्रत्येक के एक - एक दर्जन सदस्य हैं। रोजा थाना क्षेत्र के बल्लिया, आदर्श नगर, मठिया कालोनी इलाके से इनके आधा दर्जन सदस्यों को उठाया गया है। पकड़ में आए मठिया कालोनी का पप्पूआ गैंग के सदस्यों ने पिछले एक सप्ताह में तीन बार मालगाडिय़ों की सील तोड़कर मक्का,चावल, गेहूं आदि चोरी करने की बात कबूली है। ये शाम होते ही अपने शिकार के लिए घूमने लगते हैं और मौका पाते ही मालगाड़ी की सील तोड़कर खाद्यान्न रेल स्क्रैप्स चोरी करते हैं। इस साझा अभियान में इस गैंग का कोई सदस्य पकड़ में नहीं आ सका है जबकि दूसरा गैंग रमुआ का है जिसके कई बार जेल जा चुके हैं और पुलिस पर फायरिंग करने के क्राइम हिस्ट्री वाले हैं। तीसरा गैंग पटुआ का है जो मंडी, रेलवे और लोगों के घरों और दुकानों में चोरी करता है। बता दें कि इन दिनों चोरो के तीन गैंग रोजा, रामप्रसाद बिस्मिल नगर, रेलवे साइडिंग से मालगाड़ी की सील तोड़कर भारी मात्रा में खाद्यान्न चोरी की घटनाएं हुई हैं। पकड़ में आए चोरों से पुलिस टीम को जानकारी मिली है कि चोरी वाले खाद्यान्न को शाहाबाद के एक राइस मिल बेचा जाता है। माल ढुलाई में इनके द्वारा इस्तेमाल करने में जब्त हुआ पिकअप वाहन का मालिक निगोना मकरंदपुर का बताया जा रहा है। इस टीम में सीओ सदर अनुराग दर्शन, रोजा थाना प्रभारी आरएन चौधरी और आरपीएफ के प्रभारी एसपी सिंह शामिल हैं।
कोई पुलिस वाला ही इनका मुखबिर
इस साझे अभियान में कब्जे में आए चोरों से अहम बात पूछताछ में सामने आई है। इनकी जुबान पर अपने मुखबिर के तौर पर एक पुलिस वाले का ही नाम लिया गया है। इन सबों ने बताया कि वह मुखबिर ही मोबाइल के जरिए दबिश या कार्रवाई को निकली पुलिस टीम का लोकेशन देता था और ये समय रहते बच निकलते थे। मौजूदा अभियान में उस पुलिस कर्मी को एकदम अलग - थलग रखा गया।
खास खास घटनाएं
--------------
10 जनवरी 2015 -नाभा पंजाब सें जोराहट जा रही मालगाड़ी से खाद्यान्न लूटा गया
17 मार्च 2015 - रामप्रसाद बिस्मिल नगर रेलवे स्टेशन से कई टन कोयला चोरी, नहीं दर्ज की गई रिपोर्ट, पुलिस ने
ट्राली पकड़ी
04 अप्रैल 2015 सीतापुर लाइन पर मैगलगंज के पास चोरों ने ओएचई वायर काटा
16 अप्रैल 2015- रामप्रसाद बिस्मिल नगर से सैकड़ों टन कोयला चोरी बाद में आरपीएफ रोजा प्रभारी को हटाया गया
24 अप्रैल 2015-जगाघरी से सिल्चर जा रही मालगाड़ी को हथौड़ा के पास रोक कर सैकड़ों बोरा चावल चोरी, सौ
बोरा बरामद, तीन पकड़े गए
10 मई 2015 सीतापुर ब्रांच लाइन पर मालगाड़ी से चावल चोरी
19 जून 2015- हथौड़ा गांव क समीप आउटर पर रूकी गाड़ी से गेहूं चोरी
20 जुलाई 2015-रोजा डाउन यार्ड से चावल चोरी हुआ
24 जुलाई 20त15- रोजा अपयार्ड में खड़े रैक से मक्का के बोरे चोरी
26 जुलाई 2015- बरनाला से असम जा रही मालगाड़ी से 57 बोरा चावल चोरी