505 लीटर शराब बरामद, एक फैक्ट्री का भंडाफोड़
एसपी केबी सिंह के निर्देश पर जुआ, सट्टा और कच्ची शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत जिले में कुल 49 लोग गिरफ्तार किए गए। इस दौरान शराब तस्करों के पास से 505 लीटर शराब भी बरामद हुई है और एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने जुआ और सट्टे की खाई-बाड़ी करते हुए 17 लोगों को गिरफ्तार कर लिया और इसी तरह से शराब तस्करों पर भी शिकंजा कसते हुए 32 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। शराब की तस्करी करने में पकड़े गए लोगों के पास से 505 लीटर कच्ची शराब बरामद करने के साथ ही एक शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। दोपहर से लेकर देर रात तक चली इस कार्रवाई में चौक कोतवाली, सदर थाना, रामचंद्र मिशन, रोजा, खुटार, गढ़िया रंगीन, कलान, अल्हागंज, पुवायां, बंडा आदि थानों की पुलिस ने सफलता हासिल की हैं।
घर के अंदर चल रहा था शराब का धंधा
सिंधौली। थाना सिंधौली पुलिस ने सोमवार शाम साढ़े छह बजे मिली सूचना पर सहौरा गांव में छापेमारी की तो, यहां एक घर में ही कच्ची शराब का ठेका चल रहा था और पीने-पिलाने का दौर चल रहा था। यहां से पुलिस ने कमलेश को गिरफ्तार कर उसके पास से बीस लीटर शराब भी बरामद की है। वहीं गरवापुर के पास आलमपुर निवासी रमेश कुमार को गिरफ्तार कर उसके पास से भी बीस लीटर कच्ची शराब बरामद की है।
निगोही, कांट पुलिस के हाथ खाली
एसपी के निर्देश पर चलाए गए धरपकड़ अभियान में निगोही और कांट थाने की पुलिस टीम के हाथ खाली हैं। इस बाबत जब निगोही एसओ रजी अहमद से जानकारी की गई तो बताया कि उनके इलाके में सट्टा जुआं नहीं होता है, कच्ची शराब में गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गई हुई हैं। इसी तरह कांट पुलिस को भी कोई सफलता नहीं मिली है।