माधौटांडा पुलिस ने शून्य पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना खुटार पुलिस को सौंपी
दहेज में स्कार्पियो गाड़ी और पांच लाख रुपए नहीं मिलने पर ससुरालियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए युवती ने खुटार के गांव पिपरिया विरसिंहपुर निवासी पति सहित चार लोगों के खिलाफ माधौटांडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीलीभीत जनपद के माधौटांडा कसबे के मोहल्ला गौतमबुद्ध नगर कालोनी निवासी गुलदीप कौर ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी 11 अगस्त 16 को खुटार के गांव पिपरिया विरसिंहपुर निवासी जोरा सिंह के साथ हुई थी। शादी में ही ससुराल वाले स्कार्पियो गाड़ी और पांच लाख रुपए नकदी की मांग कर रहे थे, लेकिन उसके परिवार वाले नहीं दे पाए। गाड़ी और रुपए नहीं मिलने से नाराज ससुराल वाले मारपीट करते हुए उसका उत्पीड़न करने लगे। 31 अक्तूबर को ससुराल वालों ने उसके साथ फिर से मारपीट की और घर से निकाल दिया। उन्होंने कहा कि गाड़ी और रुपए लाए बिना घर पर मत आना। इसके बाद वह अपने मायके माधौटांडा पहुंची और मामले की तहरीर पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। रविवार को माधौटांडा पुलिस ने गुलदीप कौर की ओर से पति जोरा सिंह, चरन कौर, बलजिंदर कौर और निर्मल सिंह के खिलाफ अपराध संख्या शून्य पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद विवेचना के लिए खुटार भेज दी है। खुटार पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दहेज की खातिर रिश्ता तोड़ने का आरोप
बंडा। गांव कमालपुर के शेर सिंह की बेवा पत्नी मीना ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि लगभग आठ माह पूर्व उसने अपनी पुत्री का रिश्ता पीलीभीत के थाना बिलसंडा के गांव कस्टुआ (भूड़ा) में तय किया था। उसके बाद गोद भराई की रस्म भी पूरी हो चुकी है। शादी तय करते समय वर पक्ष के लोगों ने कोई दहेज की मांग नहीं रखी थी। लेकिन बाद में वह दहेज में एक लाख रूपए नकद की मांग करने लगे। उसके असमर्थता जताने पर उक्त लोगों ने शादी करने से मना कर दिया। पीड़ित महिला ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।