खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव चिरचिरा में एक झाले पर बीते तीन साल से बंधुआ मजदूर के रूप में काम कर रहे सोनभद्र जिला निवासी 12 वर्षीय दीपू को स्थानीय लोगों से सूचना पाकर पुलिस ने मुक्त कराया है। थाने में बालक अपने परिवारजनों को यादकर सिसकियां भर रहा है। पुलिस ने सोनभद्र स्थित उसके अभिभावकों से संपर्क साधकर यहां बुलवाया है। पूरे प्रकरण में संबंधी विधि विशेषज्ञों से सलाह लेकर केस दर्ज करने की प्रक्रिया देर शाम शुरू कर दी गई है। इस बीच झाला संचालक अपने साथियों संग फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीमें निकली हुई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव चिरचिरा निवासी कश्मीर सिंह पुत्र जसपाल सिंह ने तीन साल पहले जनपद सोनभद्र के तहसील राबर्ट्स गंज के थाना साईं गंज अंतर्गत पड़ने वाले गांव ग्राम उईनी के आर्थिक तौर तंगहाल परिवार से ताल्लुक रखने वाले दीपू पुत्र श्याम सुंदर को बहला-फ ुसलाकर 1000 रुपये महीने पगार पर अपने झाले पर काम कराने के लिये लाया था। इस समय दीपू की उम्र करीब 12 साल है। उसने पुलिस को बताया कि उसके तीन भाई और तीन बहनें हैं। मां बाप मजदूरी करते हैं और यहां आने के बाद से कभी गांव नहीं जा पाया एवं ना ही परिवारजनों को चेहरा देख पाया या उनसे बात कर पाया। यहां झाले पर उससे मेहनत- मजदूरी करवाने के साथ ही जानवर चराने और हल जुतवाने की बेगार ली जाती थी। यहीं नहीं आए दिन शाम को पिटाई भी होती थी। झाला ंमालिक उससे जानवरों जैसा व्यवहार करने लगा। बताया कि एक दिन सरदार का एक भैंसा बीमार हो गया तो इस सरदार ने बीमार भैंसेे के स्थान पर दीपू को हल जुतवाया। बीती रात मौका पाकर दीपू झाले से भाग खड़ा हुआ और करीब चार किलोमीटर का रास्ता तय करके ग्राम जलालपुर में समाजसेवी मो. रफ ी वारसी के मकान पहुंचा और आपबीती सुनाकर मदद की गुहार की। वारसी ने रात को उसे अपने घर में पनाह दी। रविवार सुबह को यह बात क्षेत्र में लोगों के बीच फैली तो चिरचिरा से आरोपी झाला संचालकर अपने साथियों संग वारसी के घर पर धावा बोल दिया एवं दीपू को जबरन साथ ले जाने की कोशिश की। समाजसेवी व ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। खुदागंज थाने से सब इंस्पेक्टर सुभाष बड़ी संख्या में फ ोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और दीपू को सकुशल अपने साथ थाने ले आये।
इस संवेदनशील प्रकरण में समुचित विधिक कार्रवाई होगी। पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर तत्परतापूर्वक कार्यवाही करवाई जा रही है।
- पुष्पा सिंह, डीएम शाहजहांपुर।
खुदागंज के गांव चिरचिरा में झाले पर सोनभद्र जिला के 12 वर्षीय बालक को रविवार को मुक्त कराया गया है। उससे बंधुआ मजदूरी कराए जाने की शिकायत मिली है। आरोपी झाला मालिक फरार है और उसकी तलाश में पुलिस टीमें निकली हुई हैं। इस प्रकरण में आरोपियों के खिलाफ समुचित धाराओं में विधिक कार्रवाई होगी। उसके लिए विधि विशेषज्ञों से राय लेकर केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मुक्त कराए गए बालक के परिवारजन सोनभद्र से शाहजहांपुर के लिए रवाना हो रहे हैं।
- रमेश कुमार भारतीय, एसपी देहात, शाहजहांपुर