दहेज की खातिर रामापुर बरकतपुर गांव में एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया गया। ससुरालियों के चंगुल से भागने का प्रयास करने पर उसे बेरहमी से मारा पीटा गया। सूचना पर विवाहिता के पिता ने अपनी बेटी को ससुरालियों से बंधनमुक्त कराया। विवाहिता की तहरीर पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ थाना रोजा में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
देवेंद्र सिंह निवासी ढकौरा थाना मैगलगंज जिला लखीमपुर ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी बेटी नीशू की शादी रोजा थाना क्षेत्र के राहुल सिंह उर्फ शोभित से 20 जून 2014 को की थी। दहेज में आवासीय प्लाट, बाइक और कलर टीवी की मांग को लेकर उसके ससुराली उसकी बेटी को बंधक बनाकर मारपीट करते थे।
मंगलवार को देवेंद्र सिंह अपनी बड़ी बेटी अनुपम सिंह के साथ रामापुर बरकतपुर अपनी छोटी बेटी नीशू की ससुराल गए, जिसे ससुरालियों ने एक कमरे में बंद कर रखा था। काफी प्रयासों के बाद ग्रामीणों की मदद से देवेंद्र सिंह ने अपनी बेटी नीशू को वहां से निकाला और थाना रोजा ले आए।
पीड़िता नीशू ने पुलिस को बताया कि दहेज की उपरोक्त मांग को लेकर उसके पति राहुल सिंह उर्फ शोभित, सास मंजू सिंह, नानी सास तारा सिंह और ससुर अनुज सिंह ने 27 मई की रात सोते समय उसकी गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। जब वह अपने ससुरालियों के चंगुल से भागने का प्रयास किया तो उसे एक कमरे में बंद कर डंडों से बेरहमी से मारा पीटा गया।
पीड़िता के दोनों कानों से निकला खून सूख चुका था और शरीर पर चोटो के कई जगह निशान थे। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर चार लोगो के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का अभियोग दर्ज किया और घायल नीशू को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा है।