फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पांच पुलिसकर्मी गिरफ्तार, जमानत पर छूटे

Sat, 24 Oct 2015 11:52 PM IST
शाहजहांपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी से बरेली सेंट्रल जेल शिफ्ट किए जाने के दौरान शुक्रवार तड़के शाहजहांपुर में रोजा ओवरब्रिज पर पुलिस अभिरक्षा से शार्प शूटर 30 वर्षीय रईस सिद्दीकी उर्फ रईस बनारसी उर्फ रईस कनपुरिया के फरार होने के मामले में ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मी गिरफ्तार कर लिया गया। अभिरक्षा में तैनात इन पांचों को शनिवार को रिमांड मजिस्ट्रेट शिखा प्रधान के कोर्ट से जमानत पर रिहा कर दिया गया। चालक सिपाही को मुकदमे में अभियुक्त नहीं बनाया गया। हिरासत में लिए जाने के बाद पांचों की वर्दी उतरवाने के साथ ही इनके असलहा भी जमा करा लिए गए। वहीं एसएसपी वाराणसी आकाश कुलहरि ने सभी छह पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है।
विज्ञापन

मूल रूप से कानपुर के रहने वाले और कुछ समय पहले वाराणसी के दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के खालिसपुर में बसे कुख्यात शूटर रईस सिद्दीकी को वाराणसी पुलिस लाइंस में तैनात प्रोन्नत दरोगा आद्या प्रसाद राज, सिपाही राजकुमार, प्रदीप मौर्य, प्रभाकर सिंह और प्रहलाद प्रजापति की निगरानी में प्रिजन वैन से भेजा गया था। वाहन सिपाही सुधाकर तिवारी चला रहा था। शुक्रवार तड़के चार बजे रोजा थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज पर जाम लगा होने के कारण वैन रुकी तो रईस लघुशंका का बहाना करके उतरा और सिपाही राजकुमार को धक्का देकर भाग गया था।
रोजा थाना के प्रभारी निरीक्षक रामनरेश चौधरी ने बताया कि प्रिजन वैन के एस्कार्ट प्रभारी आद्या प्रसाद राज की तहरीर पर रईस सिद्दीकी के खिलाफ शुक्रवार दोपहर को आईपीसी की धारा 224 के तहत केस दर्ज किया गया था। एसएसपी वाराणसी का फैक्स संदेश आने के बाद उसी रिपोर्ट को तरमीम करते हुए अभिरक्षा दल के पांच सदस्यों के खिलाफ आईपीसी की धारा 221 भी जोड़ दी गई। जमानत पर छूटे इन पांचों पुलिस कर्मियों को अपनी कस्टडी में ले जाने के लिए वाराणसी पुलिस की एक टीम शाहजहांपुर आ रही है।
विज्ञापन


होगी विभागीय कार्रवाई
वाराणसी (ब्यूरो)। निलंबित किए गए दरोगा, चार सिपाही व पुलिस वैन के चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ ही विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। एसएसपी ने निलंबन की पुष्टि करते हुए बताया कि शाहजहांपुर से मिली रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें