ढाईघाट मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं को लूटने की फिराक में खड़े दो शातिर लुटेरों को पुलिस ने बुधवार की रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से दो तमंचे व एक बाइक बरामद हुई है।
एसओ प्रदीप कुमार ने बताया कि रात करीब दस बजे वे एसआई सुनील कुमार, सिपाही विवेकानंद और रघुराज के साथ ढाईघाट रोड पर गश्त कर रहे थे। धियरपुरा गांव के सामने रोड के किनारे बाइक के साथ खड़े दो युवकों को देखकर उन्होंने टोका तो दोनाें युवक भागने लगे। पुलिस के पीछा करने पर युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। युवकों को दोबारा तमंचे लोड करने से पहले ही पकड़ लिया गया। पूछताछ करने पर एक युवक ने अपना नाम सागर सिंह पुत्र मुन्ना सिंह निवासी मोहल्ला चमकनी करबला थाना सदर बाजार शाहजहांपुर तथा दूसरे ने श्याम वर्मा पुत्र भगवानदास निवासी गांव मुड़िया रस्सू थाना मदनापुर बताया है।
पुलिस ने बताया कि बदमाश सागर के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर के दो जिंदा एक खोखा कारतूस और श्याम वर्मा के कब्जे से एक 12 बोर तमंचा, दो जिंदा व एक खोखा कारतूस के साथ ही बाइक बरामद हुई है। एसओ ने बताया बरामद बाइक सागर सिंह की है। बाइक की नंबर प्लेट पर दर्ज नंबर का आखिरी अंक मिटाया गया है।
बाइक के साथ गिरफ्तार बदमाशों की सूचना पर इंस्पेक्टर तिलहर रूमसिंह यादव ने बदमाशों से पूछताछ कर बताया कि इसी बाइक से तिलहर क्षेत्र में कई लूट की घटनाओं को अंजाम दिया गया है, जिसके मुकदमे दर्ज हैं। एसओ प्रदीप कुमार की ओर से पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करने, आर्म्स व एमबी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आरोपियों का चालान न्यायालय किया है।