पुलिस ने राइफल समेत एक आरोपी को गिरफ्तार कर किया खुलासा
परिवार की एक महिला से संबंधों का विरोध करने पर हुई फायरिंग में गरुमेल की जान गई थी। पुलिस ने राइफल सहित एक और हत्यारोपी को गिरफ्तार करके घटना का खुलासा किया है।
पुलिस के मुताबिक, थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर खुर्द निवासी हेमराज के परिवार की एक महिला से गांव के ही जगपाल के संबंध हैं। इसे लेकर हेमराज और उसके घरवाले जगपाल से रंजिश मानते हैं। 29 अक्तूबर की शाम जगपाल हेमराज के घर गया तो हेमराज और उसके भाई कालीचरन ने उसे बंधक बनाकर पीटा लेकिन किसी पक्ष ने इसकी थाने में शिकायत नहीं की।
अगले दिन कालीचरन जब साइकिल से गांव ईसापुर बाजार जा रहा था। तो जगपाल ने गांव के ही महेश, बालिस्टर सिंह, रामनिवास और नरेश के साथ उसे घेर लिया और जान से मारने की नीयत से लाठी डंडों से पीटने लगे। शोर सुनकर कालीचरन के भतीजे 16 वर्षीय गुरुमेल और 25 वर्षीय लखवीर उसे बचाने पहुंचे तो हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसमें गोली लगने से गुरुमेल की मौत हो गई जबकि कालीचरन और लखवीर घायल हो गए।
एसओ अवनीश यादव ने बताया कि घटना वाले दिन एक आरोपी महेश को बंदी बना लिया गया था जबकि दबिश के दौरान पुलिस ने मुख्य हत्यारोपी जगपाल को राइफल सहित गिरफ्तार कर लिया है। तीन आरोपी अभी फरार हैं।