एक किशोरी से बाइक सवार दो युवक दो दिन तक रेप करते रहते हैं और पुुलिस मामला दर्ज करने में आनाकानी करती रहती है। मुंबई में रहने वाला पिता को जब यह खबर सुनकर आता है और मामले की शिकायत आला अफसरों से कराने की बात कहता है तो पुलिस अचानक सक्रिय हो जाती है। मीडिया का भी दबाव पड़ता है तो पुलिस पास्को के तहत केस दर्ज कर विधिक कार्यवाही में जुट जाती है और आरोपी अकरम को हिरासत में ले कर पूछताछ भी शुरू कर देती है। पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराने के लिए महिला पुलिस टीम के साथ शाहजहांपुर जिला अस्पताल भेजा गया है।
कस्बे में रहने वाली इंटर पास किशोरी को बाइक सवार दो युवकों ने पांच दिन पहले रास्ते में बहला-फुसलाकर फिर उसे बेहोश कर एक कमरे में बंधक बनाकर दो दिन तक रेप किया थ। तीसरे दिन पीड़ित किसी तरह से नशे की हालत में कमरे से निकलकर और एक खेत पर काम कर रहे किसान के पास पहुंचती है। उसकी मदद से टेंपो में बैठकर यह अपने घर पहुंचती है और परिवारवालों को आपबीती बताती है। दो दिन से वह थाने का चक्कर लगा रही थी लेकिन पुलिस समझौता कराने में जुटी थी। पीड़ित के पिता मुंबई में रोजगार करते हैं। यहां वह अपनी मां और भाई - बहनों के साथ रहती है। पीड़ित की मौजूदगी में उसके पिता ने घटनाक्रम के बारे में सोमवार को पुलिस को लिखित में तहरीर दी। हाईस्कूल के सर्टिफिकेट के अनुसार, उसकी उम्र इस समय 17 वर्ष छह माह तीन दिन है। इसी वर्ष इसने इंटर की परीक्षा पास की है। दो अगस्त को एक स्कूल में पढ़ाने वाली अपनी सहेली के घर से वापस आ रही थी। तभी हसौआ पंप के पास उसका एक परिचित युवक अकरम वहां बाइक से अपने एक दोस्त के साथ आ गया। घर जाने की बात कह कर उसने किशोरी को बाइक पर बैठा लिया। करीब एक किलोमीटर बाद अकरम ने बाइक रोकी और पीछे बैठे युवक ने छात्रा के मुंह पर नशीला द्रव मिला रुमाल रख दिया। उसके बेहोश होने पर दोनों इसे सुनसान इलाके में बने एक कमरे में ले गए और नशीला इंजेक्शन लगाकर कई बार रेप किया। दो दिन बाद होश आने पर वह कमरे से भाग निकली। वहीं पास में खेत में पानी लगा रहे एक किसान ने उसकी मदद की और वहां से वह टेंपो में बैठकर घर पहुंची और उन्हें घटना की जानकारी दी।
रविवार को वह अपने पिता के साथ थाने शिकायत दर्ज कराने पहुंची लेकिन इसे राजीनामा कराने के लिए समझाया जाने लगा। सोमवार को खबर मीडिया में लीक होने पर पुलिस हरकत में आई और आरोपी अकरम को हिरासत में ले लिया और धारा 376 (क), 323,504,506 एवं 452 के तहत एफआईआर दर्ज कर लिया है। चर्चा थी कि गैंगरेप हुआ है और अकरम के साथ उसके तीन साथी भी इसमें शामिल हैं लेकिन एफआईआर में एक ही नाम का उल्लेख है।
पीड़ित की मौजूदगी में उसके पिता ने जो तहरीर लिखकर दी और जिसके आधार पर केस दर्ज हुआ है, उसमें गैंगरेप जैसी बात नहीं है बल्कि रेप की घटना हुई। पीड़ित वह स्थान या घर नहीं बता पा रही जहां उसके साथ दुराचार हुआ। साथ ही स्कूल भी जाकर पड़ताल कर ली गई जहां बयान के अनुसार इसकी सहेली पढ़ाने जाती है। वहां कोई अध्यापक तैनात नहीं है और ना पढ़ाई होने का कोई रिकार्ड मिला। पास्को के तहत कार्रवाई की जा रही है और आरोपी अकरम को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। धारा 164 के तहत पीड़ित के बयान होने पर गिरफ्तारी और अन्य संपूर्ण विधिक कार्रवाई एवं प्रक्रियाएं की जाएंगी। -- बीके मिश्रा, निगोही थाना प्रभारी, शाहजहांपुर।